3 राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर बिहार प्रदेश कार्यालय में बंटी झालमुड़ी और मिठाइयां, सरावगी बोले— बंगाल में खिला 'परिवर्तन का कमल'

Politics : पांच राज्यों मे हुए विधान सभा चुनाव में तीन राज्यों में बीजेपी ने फतह हासिल की है। सबसे बड़ी बात यह है कि बंगाल में बीजेपी ने ममता के किले को ध्वस्त कर दिया है। इधर इस ऐतिहासिक जीत पर बीजेपी बिहार प्रदेश कार्यालय में जमकर जश्न मना....

बीजेपी प्रदेश कार्यालय में जीत का जश्न- फोटो : वंदना शर्मा

Patna : पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए की ऐतिहासिक सफलता के बाद बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय उत्सव के रंग में सराबोर हो गया। मतगणना के रुझानों में भाजपा की भारी बढ़त और जीत की खबर मिलते ही हजारों की संख्या में कार्यकर्ता कार्यालय परिसर में जुट गए। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई और जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को पारंपरिक 'झालमुड़ी' और मिठाइयां खिलाकर बधाई दी।


ऐतिहासिक दिन और कार्यकर्ताओं का समर्पण 

जश्न में शामिल हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज के दिन को भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह की अचूक रणनीति का परिणाम है। सरावगी ने विशेष रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संगठनात्मक कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन ने कार्यकर्ताओं में वह ऊर्जा भरी, जिससे बंगाल की धरती पर परिवर्तन संभव हो सका।


तुष्टिकरण और भय की राजनीति का अंत 

प्रदेश अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल की जीत को विचारधारा और राष्ट्र प्रथम की भावना की विजय बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने अब तुष्टिकरण, भय और भ्रम की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है। सरावगी के अनुसार, बंगाल अब विकास की मुख्यधारा से जुड़कर भारत की प्रगति की गति के साथ चलेगा। उन्होंने उन कार्यकर्ताओं को भी नमन किया जिन्होंने वर्षों तक संघर्ष किया और अपने बलिदान के बल पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की धरती पर कमल खिलाने का मार्ग प्रशस्त किया।


दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में मना उत्सव 

इस विजय उत्सव में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व मंत्री रमा निषाद, एमएलसी देवेश कुमार और नवनिर्वाचित विधान पार्षद अरविंद शर्मा सहित कई विधायक और विधान पार्षद शामिल हुए। कार्यालय परिसर 'भारत माता की जय' और 'जय श्रीराम' के नारों से गूंज उठा। नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह जीत स्पष्ट संदेश देती है कि जनता का विश्वास केवल सेवा, समर्पण और कर्मठता से ही अर्जित किया जा सकता है।


पांचों राज्यों की जनता के प्रति जताया आभार 

अंत में संजय सरावगी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी सहित पांचों राज्यों की जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक राजधानी बंगाल अब अपनी खोई हुई गरिमा को पुनः प्राप्त करेगी और विकास की नई हवा बहेगी। जश्न का यह दौर देर शाम तक जारी रहा, जिसमें मुख्यालय प्रभारी और हजारों समर्थकों ने भाग लेकर आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए अपनी एकजुटता और संकल्प को दोहराया।


वंदना की रिपोर्ट