बाढ़ पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई : कुख्यात मुन्ना यादव के पिता-भाई को अवैध हथियार और भारी मात्रा मे कारतूस के साथ को दबोचा

पटना की बाढ़ पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बीते देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस और एसटीएफ ने कुख्यात मुन्ना यादव के पिता और भाई को अवैध हथियार और भारी मात्रा में गोली के साथ गिरफ्तार किया...

कुख्यात मुन्ना का पिता-भाई अवैध हथियार कै साथ गिरफ्तार- फोटो : रवि शंकर

Patna : जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया गांव में बाढ़ पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को सटीक गुप्त सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात हत्या का आरोपी मुन्ना यादव अपने गांव आया हुआ है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके और उसके घर की घेराबंदी कर ली।


अंधेरे का फायदा उठाकर इनामी मुन्ना यादव फरार, पिता और भाई गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान कुख्यात अपराधी मुन्ना यादव पुलिस की मौजूदगी का अहसास होते ही अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। हालांकि, पुलिस टीम ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए उसके घर में मौजूद उसके पिता और भाई को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में आसपास के संभावित ठिकानों पर लगातार सघन छापेमारी कर रही है।


13 वर्षों से फरार था मुन्ना यादव, पुलिस ने रखा था ₹25,000 का इनाम

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी मुन्ना यादव पिछले 13 सालों से हत्या के मामले में पुलिस को चकमा देकर लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उस पर 25,000 का इनाम भी घोषित कर रखा था। वह पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था और इलाके में अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा था।


छापेमारी में अवैध हथियार और 34 जिंदा कारतूस बरामद

पुलिस द्वारा आरोपी के घर की सघन तलाशी लिए जाने के दौरान भारी मात्रा में अवैध असलहे और कारतूस बरामद किए गए। मौके से पुलिस ने एक अवैध हथियार और 34 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। भारी मात्रा में कारतूसों की बरामदगी से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।


आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस, दर्ज किया गया मामला

फिलहाल बाढ़ पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपी के पिता और भाई के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इसके साथ ही गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है ताकि उनकी अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता का पता लगाया जा सके।


रवि शंकर की रिपोर्ट