जस्टिस वी. कामेश्वर राव होंगे पटना पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश! सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने की चार जजों के नाम की सिफारिश

सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने अलग-अलग हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए कुल चार न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की है। इनमें जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश की गई है।

Patna High Court Chief Justice - फोटो : news4nation

Patna High Court : पटना हाईकोर्ट को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिल सकता है। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। कॉलेजियम ने यह फैसला 6 अगस्त को हुई बैठक में लिया। कॉलेजियम की अध्यक्षता भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने की। 


कॉलेजियम ने अलग-अलग हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए कुल चार न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की है। इनमें जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट भेजने की सिफारिश की गई है।


बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस रविंद्र वी. घुगे को कलकत्ता हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की गई है। वहीं इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की गई है। इसी क्रम में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा को उसी हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की गई है।


दो हाईकोर्ट के जजों के तबादले की सिफारिश

कॉलेजियम ने मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति के अलावा दो हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के तबादले की भी सिफारिश की है। ओडिशा हाईकोर्ट में तैनात जस्टिस मनश रंजन पाठक का तबादला गुजरात हाईकोर्ट करने की सिफारिश की गई है। वहीं ओडिशा हाईकोर्ट के ही जस्टिस कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट स्थानांतरित करने की सिफारिश की गई है।


इन नियुक्तियों और तबादलों पर अंतिम निर्णय संबंधित संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगा। कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।