अब रात में भी सूरज चमकेगा!': बिहार में देश का सबसे बड़ा बैटरी बैंक तैयार, सूर्यास्त के बाद भी 4 घंटे तक दौड़ती रहेगी बिजली

Kajra Solar Power Project Lakhisarai -ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने लखीसराय के कजरा सौर ऊर्जा प्लांट का निरीक्षण किया। 523 MWh बैटरी स्टोरेज से सूर्यास्त के बाद भी मिलेगी बिजली। उत्तर बिहार में फ्लोटिंग सोलर पर जोर।

Patna/Lakhisarai - बिहार के ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने सोमवार को लखीसराय स्थित कजरा सौर ऊर्जा सह बैटरी भंडारण परियोजना का सघन निरीक्षण किया। 301 मेगावाट की कुल क्षमता वाली यह परियोजना बिहार को 'पावर सरप्लस' बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। मंत्री ने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह संयंत्र न केवल स्वच्छ ऊर्जा देगा, बल्कि बिहार की ऊर्जा सुरक्षा को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। 

सूर्यास्त के बाद भी मिलेगी बिजली: देश का सबसे बड़ा बैटरी सिस्टम

कजरा परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका 523 मेगावाट-आवर बैटरी भंडारण प्रणाली है। ऊर्जा मंत्री ने इस अत्याधुनिक 'बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम' का बारीकी से अवलोकन किया। यह देश की सबसे बड़ी बैटरी परियोजनाओं में से एक है, जो सूर्यास्त के बाद भी लगातार 4 घंटों तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। इससे पीक डिमांड (बिजली की अधिक मांग) के समय ग्रिड की स्थिरता बनी रहेगी और कटौती की समस्या खत्म होगी। 

फेज-1 सफल, फेज-2 पर काम तेज

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि परियोजना के फेज-1 (185 मेगावाट सौर ऊर्जा और 282 मेगावाट-आवर बैटरी क्षमता) का वाणिज्यिक संचालन 26 फरवरी 2026 से सफलतापूर्वक शुरू हो चुका है। वर्तमान में फेज-2 के तहत 116 मेगावाट सौर ऊर्जा और 241 मेगावाट-आवर बैटरी स्टोरेज का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है। मंत्री ने एलएंडटी (L&T) और बीएसपीजीसीएल के अधिकारियों को इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया है। 

उत्तर बिहार में फ्लोटिंग सोलर की असीम संभावनाएं

भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए ऊर्जा मंत्री ने एक महत्वपूर्ण सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार के जलाशयों और तालाबों पर फ्लोटिंग सोलर (पानी पर तैरते सोलर पैनल) और रेज्ड स्ट्रक्चर सोलर परियोजनाओं की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने अधिकारियों को नवीनतम तकनीक का अध्ययन कर इन क्षेत्रों में नई परियोजनाएं विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही, कजरा के आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में भी नई रिन्यूएबल एनर्जी परियोजनाओं की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। 

उच्च अधिकारियों की मौजूदगी और समीक्षा

इस महत्वपूर्ण दौरे पर बीएसपीजीसीएल के प्रबंध निदेशक श्री महेंद्र कुमार (IAS), तकनीकी निदेशक श्री अवधेश कुमार सिंह, लखीसराय के अपर जिला पदाधिकारी और एलएंडटी के वाइस प्रेसिडेंट श्री दीपक कुमार नायक समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के पश्चात मंत्री महोदय ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। एलएंडटी ने आश्वासन दिया है कि पहाड़ी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा की संभावनाओं पर जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी।