Bihar News: कांटी विधायक अजीत कुमार का औचक निरीक्षण, ऑन द स्पॉट सुनीं समस्याएं
Bihar News: कांटी विधायक अजीत कुमार ने औचक निरीक्षण किया और आम लोगों की समस्याओं को सुनकर ऑन द स्पॉट उसका निवारण किया।
Bihar News: मुजफ्फरपुर के कांटी क्षेत्र में जनसमस्याओं को लेकर शनिवार को क्षेत्रीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने अंचल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय समेत कई विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद आम लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का तत्काल समाधान कराया।
विधायक ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और लंबित मामलों की जानकारी ली। कई शिकायतों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी।
अधिकारियों को दिया निर्देश
विधायक अजीत कुमार ने कहा कि चुनाव के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों में तेजी आई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर अंचलाधिकारी पिंटू कुमार, बीडीओ आनंद कुमार विभूति, कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक, मुखिया इंद्र मोहन झा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट