कटिहार रेल पुलिस का विशेष अभियान: त्योहारों को लेकर ट्रेनों और स्टेशनों पर सघन जांच, 95 लीटर शराब के साथ 7 गिरफ्तार

आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान दूसरे राज्यों से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। रेल एसपी के निर्देश पर ट्रेनों और स्टेशनों पर विशेष जांच अभियान चलाया....

कटिहार रेल पुलिस का विशेष अभियान- फोटो : श्याम

Katihar : आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कटिहार रेल पुलिस ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। दूसरे राज्यों से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी असामाजिक गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।


विशेष अभियान में 95 लीटर विदेशी शराब बरामद, 7 गिरफ्तार और 6 मोबाइल जब्त

रेल एसपी हरि शंकर कुमार के निर्देशानुसार, पुलिस मुख्यालय के प्लान के तहत 8 और 9 अक्टूबर 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 11 मामले प्रतिवेदित किए गए। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 95.370 लीटर विदेशी शराब बरामद की और कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा, सुरक्षा टीमों ने यात्रियों के चोरी हुए या छूटे हुए 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।


बिना टिकट यात्रा करने वालों पर शिकंजा, वसूला गया जुर्माना

अभियान के तहत बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान चेकिंग दल ने कुल 274 यात्रियों को पकड़ा और नियमों के उल्लंघन पर उनसे कुल 1,45,660 रुपये का जुर्माना वसूला।


जीआरपी और आरपीएफ का संयुक्त समन्वय, रात की ट्रेनों में एस्कॉर्ट दल मुस्तैद

त्योहारों के सीजन में चोरी, शराब तस्करी और अन्य आपराधिक वारदातों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए राजकीय रेल पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के बीच तालमेल बढ़ाया गया है। सभी रेल पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल निरीक्षकों और रेल थानाध्यक्षों को लगातार छापेमारी व गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, रात के समय गुजरने वाली ट्रेनों में तैनात एस्कॉर्ट दलों को पूरी तरह सतर्क रहकर अपनी ड्यूटी निभाने को कहा गया है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और भयमुक्त यात्रा मिल सके।


श्याम की रिपोर्ट