Bihar Politics: सीएम आवास के बाद अब संजय झा के घर नेताओं का जमावड़ा, इन नेताओं का मंत्री पद फाइनल

Bihar Politics: बिहार में नई सरकार को लेकर सियासी सरगर्मी हाई है। सीएम नीतीश के बाद अब संजय झा के आवास पर नेताओं का जमावड़ा लगा है। सुबह से ही राज्य में हलचल बढ़ी हुई है।

ललन सिंह के आवास पर बैठक - फोटो : reporter

Bihar Politics:  बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सीएम नीतीश के आवास पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह करीब 1 घंटे तक रहे। दोनों के बीच घंटों बैठक हुई जिसके बाद ललन सिंह सीएम आवास से निकलें और सीधे जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे।

संजय झा के आवास पर बैठक 

संजय झा के आवास पर चल रही इस अहम बैठक में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाह भी शामिल हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान नई सरकार के गठन और मंत्रिमंडल की संभावित सूची को लेकर गहन मंथन किया जा रहा है। बता दें कि मंत्री पद के दावेदारों पर भी चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि विजय चौधरी और श्रवण कुमार का कद पार्टी में बढ़ सकता है। 

अंतिम चरण में तैयारी 

सूत्रों के अनुसार, बैठक में मंत्री पद के दावेदारों, राजनीतिक संतुलन और गठबंधन की रणनीति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है। बिहार में सत्ता परिवर्तन से पहले हो रही यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लगातार हो रही इन बैठकों से साफ है कि राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर अंतिम चरण की तैयारियां जोरों पर हैं।

जमा खान का बड़ा बयान 

नई सरकार के गठन को लेकर जारी बैठकों के बीच मंत्री जमा खान ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद बाहर निकलते हुए उन्होंने मीडिया से बातचीत की। निशांत कुमार के मंत्रिमंडल में शामिल होने के सवाल पर जमा खान ने कहा कि, वह हमारे बड़े नेता हैं और हम सभी चाहते हैं कि वह सरकार में शामिल हों।

सीएम नीतीश के आशीर्वाद से बनेंगे नए सीएम 

मुख्यमंत्री पद को लेकर उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री वही होगा, जिसे नीतीश कुमार का आशीर्वाद प्राप्त होगा। मंत्रिमंडल के गठन पर पूछे गए सवाल के जवाब में जमा खान ने कहा कि कौन-कौन मंत्री बनेगा, इसका अंतिम निर्णय पार्टी के सबसे बड़े नेता नीतीश कुमार ही लेंगे। बिहार में सत्ता परिवर्तन से पहले नेताओं के लगातार आ रहे बयानों से सियासी सरगर्मी और तेज हो गई है।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट