Bihar News : खान सर पर यूपी की महिला ने लगाया जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पीरबहोर थाने में दर्ज करायी शिकायत

Bihar News : खान सर पर उत्तर प्रदेश की रहने वाली हुस्ननारा खातून नाम की एक महिला ने पीरबहोर थाने में जान से मारने की धमकी और खतरा होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

खान सर पर एफआईआर- फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पटना के चर्चित और मशहूर शिक्षक फैजल खान (खान सर) एक नए कानूनी विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश की रहने वाली हुस्ननारा खातून नाम की एक महिला ने पटना के पीरबहोर थाने में खान सर के खिलाफ जान से मारने की धमकी और खतरा होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि खान सर से उसकी जान को गंभीर खतरा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पीड़िता हुस्ननारा खातून ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि खान सर का उसकी सहेली सबीना खातून के साथ अवैध संबंध था। यह मामला वर्ष 2017-18 के बीच का है। महिला के अनुसार, वह उस समय पटना में अपनी दोस्त सबीना खातून के साथ रहती थी, जहां खान सर अक्सर आया करते थे और घंटों समय बिताते थे। महिला का आरोप है कि जब उसने इस बात का विरोध किया, तो उस समय भी खान सर ने उसे झूठे पुलिस केस में फंसाने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी थी।

महिला ने हाल ही में पुलिस के पास जाने की वजह बताते हुए कहा कि शिक्षक रोशन आनंद के साथ हुए विवाद और हाल ही में रोशन आनंद के भाई की मौत की घटना के बाद वह गहरे डर के साए में है। पीड़िता को अंदेशा है कि चूंकि उसे खान सर के पुराने अवैध संबंधों के बारे में पूरी जानकारी है, इसलिए इस राज को छुपाने के लिए खान सर उसकी हत्या भी करवा सकते हैं। इसी आशंका और डर के कारण उसने पुलिस की शरण ली है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीरबहोर थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित महिला का आधिकारिक बयान दर्ज कर लिया है और लगाए गए आरोपों की सच्चाई जानने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दिए गए आवेदनों और तथ्यों की पड़ताल के बाद ही आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। हालांकि, दर्ज कराई गई शिकायत और लगाए गए इन गंभीर आरोपों पर फिलहाल शिक्षक फैजल खान (खान सर) या उनकी लीगल टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

नरोत्तम की रिपोर्ट