26 अगस्त को राजधानी पटना के ट्रैफिक रूट में बड़ा बदलाव, जानिए पूरा डिटेल
Patna : ज्ञान भवन, गांधी मैदान में 26 अगस्त 2026 को प्रातः 9:00 बजे बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा पुलिस गश्ती वाहनों (स्कूटी एवं मोटरसाइकिल) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस वीआईपी कार्यक्रम के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक यातायात, पटना के कार्यालय द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। 26 अगस्त को सुबह 9:00 बजे से कार्यक्रम के समापन तक गांधी मैदान के चारों तरफ ऑटो, ई-रिक्शा और सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
नए ट्रैफिक रूट के अनुसार, दानापुर से राजापुर पुल होते हुए आने वाले ऑटो, ई-रिक्शा व कमर्शियल वाहनों को पुलिस लाइन तिराहा से वापस दानापुर की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। वहीं अशोक राजपथ पर गायघाट की ओर से गांधी मैदान की तरफ आने वाले वाहनों को कारगिल चौक से पश्चिम डबल डेकर के पश्चिमी छोर के पास से पुनः गायघाट की तरफ मोड़ दिया जाएगा। एग्जीबिशन रोड में भट्टाचार्य चौराहा से उत्तर गांधी मैदान की तरफ ऑटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
एस०पी० वर्मा रोड से गांधी मैदान की ओर आने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा केवल स्वामीनंदन तिराहा तक ही आ सकेंगे और वहां से बाटा मोड़ होते हुए वापस लौट जाएंगे। इसके अतिरिक्त बुद्धमार्ग और छज्जूबाग से टी०एन० बनर्जी पथ पर ऑटो व कमर्शियल वाहनों के परिचालन को प्रतिबंधित कर दिया गया है। पुलिस लाइन गेट नंबर 01 से बैंक रोड तथा बुद्धमार्ग पुलिस लाइन तिराहा से कोतवाली टी तक भी व्यावसायिक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
मछुआ टोली से बारीपथ की ओर आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था की गई है कि वे ठाकुरबाड़ी मोड़ तक ही आ सकेंगे और वहीं से वापस लौटेंगे। किसी भी स्थिति में इन वाहनों को गांधी मैदान या बाकरगंज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। यातायात प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित रूट का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
यातायात पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह ट्रैफिक डायवर्जन आम कमर्शियल वाहनों के लिए लागू रहेगा, जबकि आपातकालीन सेवाओं (जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड) और न्यायिक कार्य से जुड़े वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम को सुरक्षित और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की है।
रंजीत की रिपोर्ट