Bihar Politics: खेसारी लाल और पवन सिंह लड़ेंगे विधानसभा चुनाव ! बीजेपी सासंद मनोज तिवारी का बड़ा बयान

Bihar Politics: भोजपुरी के दो सुपर स्टार पवन सिंह और खेसारी लाल क्या विधानसभा चुनाव लड़ेंगे..? इसको लेकर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। मनोज तिवारी आज पटना पहुंचे। पटना पहुंचते ही उन्होंने बड़ा बयान दिया।

खेसारी पवन लड़ेंगे चुनाव?- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज है। पक्ष-विपक्ष के आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला बोला है। दरअसल, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी शनिवार को पटना पहुंचे। जहां उन्होंने राहुल गांधी की सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपमानित किए जाने की घटना की कड़ी निंदा की।

बिहार को किया शर्मसार 

मनोज तिवारी ने कहा कि, राहुल गांधी की सभा में पीएम मोदी की मां को गाली दिलवाई गई। अगर गाली देना गलत था तो राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने उस कार्यकर्ता पर कार्रवाई क्यों नहीं की? भाजपा अपने नेताओं पर ऐसी गलती करने पर तुरंत कार्रवाई करती है, लेकिन कांग्रेस और राजद गाली देने वालों को सपोर्ट कर रहे हैं। यह घटना बिहार को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार को सड़क, पुल, अस्पताल और कॉलेज जैसी कई सौगातें दी हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी मां का अपमान किया जा रहा है।

कांग्रेस पर बिहार विरोधी रवैये का आरोप

मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस लगातार बिहार का अपमान करती रही है। केरल कांग्रेस ने बिहार की तुलना बीड़ी से की थी। इससे पहले पंजाब चुनाव के दौरान प्रियंका गांधी के सामने कहा गया था कि बिहारियों को घुसने नहीं देंगे। कांग्रेस को सबसे पहले बिहार ने ही इमरजेंसी के खिलाफ सबक सिखाया था और आज भी कांग्रेस मौका मिलते ही बिहार का अपमान करती है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला और कहा कि कांग्रेस के ऐसे बयानों के बावजूद वह उनके साथ खड़े हैं। अगर कोई बिहार को गाली देगा तो मैं उसे छोड़ूंगा नहीं। तेजस्वी यादव और लालू यादव को बिहार से माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो बिहार की जनता समय आने पर जवाब देगी।

खेसारी लाल और पवन सिंह को लेकर दिया बयान

भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के चुनाव लड़ने की अटकलों पर मनोज तिवारी ने कहा कि चुनाव लड़ना उनका अधिकार है, लेकिन उन्हें पहले यह देखना चाहिए कि कौन-सी पार्टी राज्य के विकास के लिए काम कर रही है। वहीं पवन सिंह के भाजपा से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी समय का इंतजार कीजिए, इस पर फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता।

पटना से अभिजीत की रिपोर्ट