JDU के पोस्टर से ललन सिंह आउट ! MLC चुनाव के बाद पार्टी में नया सीयासी समीकरण, निशांत को मिली 'बड़ी जगह'

जेडीयू ने विधान परिषद चुनाव में जीत दर्ज करने वाले एनडीए उम्मीदवारों को बधाई देने के लिए सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग पोस्टर जारी किए। दोनों पोस्टरों में गठबंधन के प्रमुख नेताओं और पार्टी के शीर्ष चेहरों की तस्वीरें शामिल हैं। लेकिन ललन सिंह गायब हैं

Lalan Singh Missing from JDU Posters,- फोटो : news4nation

JDU : बिहार की राजनीति में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के भीतर सबकुछ सामान्य है या नहीं, इसको लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव के परिणाम आने के बाद पार्टी की ओर से जारी बधाई पोस्टरों में केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह की तस्वीर नहीं दिखी। दूसरी ओर, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को पोस्टरों में जगह मिली है। यहां तक कि बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी की तस्वीर भी पोस्टर में शामिल है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि एनडीए के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देने वाले पोस्टरों में ललन सिंह को जगह क्यों नहीं मिली?


जेडीयू ने विधान परिषद चुनाव में जीत दर्ज करने वाले एनडीए उम्मीदवारों को बधाई देने के लिए सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग पोस्टर जारी किए। दोनों पोस्टरों में गठबंधन के प्रमुख नेताओं और पार्टी के शीर्ष चेहरों की तस्वीरें शामिल हैं। लेकिन इन तस्वीरों के बीच ललन सिंह की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है।


दो पोस्टर, कई बड़े चेहरे, लेकिन ललन सिंह गायब

जेडीयू की ओर से जारी पहले पोस्टर में लिखा गया है, 'बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से विजयी एनडीए के सभी प्रत्याशियों को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।' इस पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी की तस्वीरें हैं। इसके साथ ही जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और निशांत कुमार को भी जगह दी गई है।


दूसरे पोस्टर में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज करने वाले जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार को बधाई दी गई है। इस पर लिखा है, 'बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जद (यू) प्रत्याशी श्री नीरज कुमार जी को इस प्रचंड जीत की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।' इस पोस्टर में भी नीरज कुमार की तस्वीर के साथ पार्टी और गठबंधन के प्रमुख नेताओं को जगह दी गई है। लेकिन यहां भी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की तस्वीर नहीं दिखाई देती।


संजय सरावगी को जगह, ललन सिंह क्यों बाहर?

पोस्टरों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत एनडीए के कई प्रमुख नेताओं को जगह मिलने के बावजूद ललन सिंह की तस्वीर नहीं होना चर्चा का विषय बन गया है। खास बात यह है कि जेडीयू के संगठनात्मक नेतृत्व से जुड़े संजय झा और उमेश कुशवाहा के साथ निशांत कुमार भी पोस्टरों में नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए हैं कि जेडीयू के इतने बड़े नेता और केंद्र सरकार में मंत्री ललन सिंह को बधाई पोस्टरों में शामिल क्यों नहीं किया गया। निशांत कुमार को जगह मिलने और ललन सिंह की तस्वीर गायब रहने की तुलना भी की जा रही है।


 नीरज कुमार के बयान से भी बढ़ी चर्चा

पोस्टरों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पटना स्नातक सीट से जीतने वाले नीरज कुमार का गुरुवार को ललन सिंह को लेकर दिया गया बयान भी चर्चा में है। जीत के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार और निशांत कुमार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने वाले नीरज कुमार की ललन सिंह से मुलाकात नहीं हुई। ललन सिंह को लेकर सवाल पूछे जाने पर नीरज ने कहा कि उनकी जीत पर ललन सिंह की ओर से बधाई नहीं आई है। उन्होंने कहा, 'हमने अपनी ओर से कोई गुनाह नहीं किया है। मैं राजनीति में रहूंगा तो किसी का कर्ज नहीं रखता। हमारे मां-पिता और पुरखों ने हमें यही संस्कार दिया है कि बेटा किसी का कर्ज नहीं रखना। हम सूद सहित लौटाते हैं।'


नीरज कुमार ने यह भी सवाल उठाया कि चुनाव के समय ललन सिंह उनके साथ क्यों नहीं थे। उन्होंने कहा कि यह सवाल ललन सिंह से पूछा जाना चाहिए। उनके इस बयान और बधाई पोस्टरों में ललन सिंह की तस्वीर नहीं होने के बीच अब राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


 संयोग या  बड़े सियासी संदेश का संकेत?

जेडीयू के पोस्टरों में किस नेता को जगह मिली और किसकी तस्वीर नहीं दिखी, इसने पार्टी के भीतर नेतृत्व और राजनीतिक समीकरणों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर निशांत कुमार को पार्टी के प्रमुख चेहरों के साथ जगह मिल रही है, वहीं दूसरी ओर ललन सिंह की गैरमौजूदगी चर्चा में है। फिलहाल, पोस्टरों और नीरज कुमार के बयान से जुड़े घटनाक्रम सामने हैं, लेकिन ललन सिंह को तस्वीरों में शामिल नहीं किए जाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है।