IRCTC Scam: लालू परिवार की बढ़ेगी मुश्किल! होटल घोटाले मामले में आज सुनवाई, कोर्ट ने तय किया था आरोप

IRCTC Scam: राजद सुप्रीमो लालू यादव और उनके पूरे परिवार के लिए आज अहम दिन है। आईआरसीटीसी मामले में आज राउज एवेन्यू कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने आरोप तय किया था।

आज कोर्ट में अहम सुनवाई - फोटो : social media

IRCTC Scam: राजद सुप्रीमो लालू यादव के लिए आज अहम दिन है। IRCTC से जुड़े सीबीआई मामले में आज राउज एवेन्यू कोर्ट में अहम सुनवाई होगी। कोर्ट ने लालू परिवार के खिलाफ आरोप तय किया था इस मामले में आज कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है। लालू यादव और राबड़ी देवी दिल्ली में ही मौजूद हैं वहीं बीते दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी भी दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। कोर्ट ने पिछली सुनवाई में 28 फरवरी को अगली सुनवाई का डेट तय किया था। ऐसे में आज अहम सुनवाई होनी है। 

साजिश के तहत हुआ भ्रष्टाचार

आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में दिल्ली स्थित राउज एवेन्यू कोर्ट में पिछले सुनवाई में स्पेशल सीबीआई जज विशाल गोगने की अदालत ने लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप तय कर दिए। सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि इस मामले में भ्रष्टाचार की साजिश रची गई थी और आरोपियों को इससे प्रत्यक्ष लाभ मिला। कोर्ट ने माना कि यह साजिश लालू यादव की जानकारी में रची गई और उनके परिवार को सीधे तौर पर आर्थिक फायदा पहुंचाया गया।

कोर्ट ने किया था आरोप तय

अदालत ने कहा कि राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को बेहद कम कीमत पर जमीन दी गई, जिसे आईआरसीटीसी के ठेके देने के बदले में दी गई रिश्वत के रूप में देखा जा सकता है। कोर्ट ने कहा कि सीबीआई ने सबूतों की पूरी श्रृंखला पेश की है, जिससे प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट होता है कि सभी आरोपी एक व्यापक साजिश का हिस्सा थे। अदालत ने यह भी कहा कि आरोपियों की दलीलें उसे संतुष्ट नहीं कर सकीं।

किन धाराओं में आरोप तय

अदालत ने आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 120बी (आपराधिक साजिश) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) व 13(1)(डी) के तहत आरोप तय किए हैं। राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ 120बी और 420 आईपीसी के तहत ट्रायल चलेगा। आरोप तय होने के बाद लालू प्रसाद यादव ने अदालत में कहा कि हम आरोपों को स्वीकार नहीं करते, मुकदमे का सामना करेंगे। तेजस्वी यादव ने भी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वे कानूनी रूप से मुकदमे का सामना करेंगे।

क्या है मामला?

यह मामला उस समय का है जब लालू यादव केंद्रीय रेल मंत्री थे। आरोप है कि आईआरसीटीसी के तहत रेलवे के खानपान से जुड़े ठेके कुछ निजी कंपनियों को दिए गए और इसके बदले में लालू परिवार को जमीन के रूप में लाभ पहुंचाया गया। सीबीआई इस मामले में पहले ही विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अब आरोप तय होने के बाद ट्रायल की प्रक्रिया शुरू होगी। अगली सुनवाई की तारीख जल्द तय की जाएगी।