लैंड फॉर जॉब मामले में लालू-राबड़ी को मिली बड़ी राहत, राउज़ एवेन्यू कोर्ट में मुकदमे का सामना करने पर बड़ी घोषणा

सुनवाई के दौरान लालू प्रसाद यादव ने आरोपों को स्वीकार करने से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि वे मुकदमे का सामना करेंगे और न्यायपालिका पर उन्हें पूरा भरोसा है।

land for jobs case - फोटो : news4nation

Lalu Yadav : दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट से राजद प्रमुख लालू यादव बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने ‘लैंड फॉर जॉब’ मामले में दोनों को फिलहाल शारीरिक रूप से पेश होने से छूट दे दी है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि जब तक फिजिकल पेशी का विशेष आदेश नहीं दिया जाता, तब तक वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही पेश हो सकेंगे।


सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान लालू प्रसाद यादव ने आरोपों को स्वीकार करने से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि वे मुकदमे का सामना करेंगे और न्यायपालिका पर उन्हें पूरा भरोसा है। वहीं उनकी बेटी और सांसद मीसा भारती ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अदालत ने लालू यादव की बढ़ती उम्र और खराब सेहत को ध्यान में रखते हुए यह राहत दी है। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने मानवीय आधार पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी की अनुमति दी है।


सीबीआई की ओर से दर्ज इस मामले में आरोप है कि रेल मंत्री रहते हुए लालू प्रसाद यादव ने कुछ लोगों को रेलवे में नौकरी दिलाने के बदले उनके परिवार के नाम पर जमीन ट्रांसफर कराई। जांच एजेंसी का दावा है कि यह लेन-देन बाजार मूल्य से कम कीमत पर किया गया। इसी आरोप को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो ने चार्जशीट दाखिल की है और मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।


‘लैंड फॉर जॉब’ मामला उस अवधि से जुड़ा है जब लालू प्रसाद यादव केंद्र में वर्ष 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री थे। आरोप है कि रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरियों के बदले जमीन ली गई। हालांकि लालू यादव और उनके परिवार ने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए खारिज किया है। अब इस मामले में आगे की सुनवाई तय तारीख पर होगी।