Lalu Prasad Yadav: तेज प्रताप के घर अचानक पहुंचे लालू यादव, बेटियों के साथ मां दुर्गा की उतारी आरती

Lalu Prasad Yadav: राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव अचानक अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के आवास पर पहुंच गए। ...

तेज प्रताप के घर अचानक पहुंचे लालू यादव- फोटो : X

Lalu Prasad Yadav: बिहार समेत पूरे देश में शारदीय नवरात्र की धूम के बीच राजधानी पटना से दुर्गा पूजा की एक खास तस्वीर सामने आई है। राष्ट्रीय जनता दल  के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव  अचानक अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के आवास पर पहुंच गए। महाअष्टमी के मौके पर हुए इस पारिवारिक मिलन ने राजनीतिक गलियारों में भी लोगों का ध्यान खींचा। लालू यादव के साथ उनकी बेटियां मीसा भारती और रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं। सभी ने माता दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

तेज प्रताप के आवास पर मां दुर्गा की भव्य आराधना

तेज प्रताप यादव के पटना स्थित 42A, हार्डिंग रोड आवास पर माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। महाअष्टमी के दिन यहां धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया था। इसी दौरान लालू प्रसाद यादव अपने बेटे के आवास पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ पूजा में शामिल हुए।

सामने आए वीडियो में लालू यादव हाथों में आरती की थाली लेकर मां दुर्गा की आराधना करते दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ तेज प्रताप यादव, मीसा भारती और रोहिणी आचार्य भी पूजा-अर्चना करते नजर आए। धार्मिक माहौल के बीच परिवार के सदस्यों ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

परिवार के बीच दिखा धार्मिक और भावनात्मक जुड़ाव

पूजा के दौरान तेज प्रताप यादव ने परिवार के सदस्यों से आशीर्वाद भी लिया। नवरात्र के पावन अवसर पर सामने आई इस तस्वीर में यादव परिवार के सदस्य धार्मिक अनुष्ठान में एक साथ नजर आए। लालू यादव का अचानक बेटे के आवास पर पहुंचना भी इस मुलाकात को खास बनाता है।

पूजा में तेजस्वी यादव नजर नहीं आए

इस पूरे घटनाक्रम के बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और तेज प्रताप यादव के छोटे भाई तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।  महाअष्टमी पर तेज प्रताप यादव के आवास पर लालू प्रसाद यादव और उनकी बेटियों की पूजा-अर्चना की तस्वीर चर्चा में है। नवरात्र के धार्मिक उत्साह के बीच यह मुलाकात पटना के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी सुर्खियां बटोर रही है।