Patna Accident: पटना में बेलगाम रफ्तार का कहर, अटल पथ पर स्कॉर्पियो का भीषण हादसा, राहगीरों समेत 7 जख्मी
Patna Accident: पटना में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ...
Patna Accident: पटना में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अष्टमी पूजा की देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के अटल पथ के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन सवार लोगों के साथ सड़क से गुजर रहे राहगीर भी उसकी चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में करीब 6 से 7 लोगों के जख्मी होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर कुछ देर के लिए दहशत का माहौल कायम हो गया।
आस्था के सैलाब के बीच रफ्तार का खूनी खेल
जानकारी के मुताबिक, अष्टमी पूजा की रात शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। लोग दुर्गा पूजा पंडालों में मां के दर्शन और प्रतिमाओं के अवलोकन के लिए घरों से निकले थे। इसी दौरान अटल पथ पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते गाड़ी सड़क पर पलट गई और उसकी चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। त्योहार की खुशियों के बीच अचानक हुए इस हादसे ने मौके पर अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई, घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव की कार्रवाई शुरू की। जख्मी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि स्कॉर्पियो की रफ्तार कितनी थी और चालक ने वाहन से नियंत्रण किन परिस्थितियों में खोया।त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
रिपोर्ट- अनिल कुमार