नेता प्रतपिक्ष तेजस्वी का बड़ा दावा : बांकीपुर में भाजपा की करारी हार तय, मतगणना परिणाम के दिन बांकीपुर में जलेगी लालटेन

बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर मतदान जारी है। वहीं सभी दलों द्वारा अपनी-अपनी जीत के दावे किए जाने का सिलसिला जारी है। इस कड़ी में राजद ने इस सीट पर जीत का बड़ा दावा करते हुए कहा है कि मतगणना के दिन लालटेन जलना तय हो गया है.....

तेजस्वी यादव का बड़ा दावा- फोटो : रंजन कुमार

Patna : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए मतदान को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बांकीपुर के हर बूथ और वार्ड से लगातार सकारात्मक फीडबैक मिल रहा है और वहां राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता की एक बड़ी व ऐतिहासिक जीत होने जा रही है।


बांकीपुर में भाजपा की करारी हार तय

तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान राजद के कार्यकर्ता और नेता हर क्षेत्र पर पूरी मुस्तैदी से नजर बनाए हुए थे। सभी जगहों से आ रहे रुझान और जनता के रुख से यह साफ हो गया है कि इस बार बांकीपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की करारी हार होने जा रही है और जनता ने बदलाव के पक्ष में अपना फैसला सुना दिया है।


समाज के हर वर्ग, जाति और धर्म के लोगों ने राजद को दिया समर्थन

राजद नेता ने कहा कि बांकीपुर की जनता ने समाज के हर वर्ग, जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता को अपना अभूतपूर्व समर्थन और वोट दिया है। उन्होंने दावा किया कि जनता का यह विश्वास परिणाम के दिन एक बड़ी जीत के रूप में सामने आएगा।


मतगणना परिणाम के दिन बांकीपुर में जलेगी लालटेन 

संवाददाताओं से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने विश्वास जताते हुए कहा कि जब मतगणना के नतीजे सामने आएंगे, तो सब देखेंगे कि बांकीपुर में 'लालटेन' जल चुकी होगी। उन्होंने इस चुनाव में राजद और गठबंधन के पक्ष में मतदान करने के लिए बांकीपुर की जनता और लगातार मेहनत करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


रंजन की रिपोर्ट