विधान परिषद चुनाव: RLM विधायकों की बैठक, जेडीयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर को समर्थन का ऐलान

बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायकों ने बैठक की। इस दौरान JDU प्रत्याशी आनंद पुष्कर को अपना पूर्ण समर्थन देने का बड़ा ऐलान किया गया...

RLM का JDU प्रत्याशी आनंद पुष्कर को समर्थन का ऐलान- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार विधान परिषद के अंतर्गत सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की सरगर्मी के बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के विधायकों की एक उच्चस्तरीय और महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राजनीतिक समीकरणों और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया, जिसमें पार्टी के भीतर आपसी तालमेल और एनडीए के अन्य घटक दलों के साथ समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।


बैठक में प्रत्याशी रामपुकार सिन्हा की मौजूदगी और जेडीयू को समर्थन की घोषणा

इस बैठक के दौरान एक बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए जनता दल यूनाइटेड (JDU) के आधिकारिक प्रत्याशी आनंद पुष्कर को अपना पूर्ण समर्थन देने का औपचारिक ऐलान किया गया। खास बात यह है कि इस महत्वपूर्ण बैठक में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी रहे रामपुकार सिन्हा भी मौजूद रहे। इस निर्णय को विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर एनडीए की एकजुटता के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।


एनडीए की मजबूती और आपसी समन्वय पर जोर

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आरएलएम द्वारा जेडीयू उम्मीदवार को समर्थन देने के इस ऐलान से चुनाव मैदान में एनडीए की स्थिति और अधिक मजबूत होगी। इस कदम से कार्यकर्ताओं के बीच भी सकारात्मक संदेश गया है, जिससे विपक्षी दलों को कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही एनडीए के सभी घटक दल पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुके हैं।


नरोत्तम की रिपोर्ट