Bihar Budget 2026: हमलोग जीते हैं, चोरी से सरकार बनाया है...विधान परिषद के बाहर राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश पर लगाया गंभीर आरोप
.
Bihar Budget 2026: बिहार विधान परिषद के बाहर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने किसानों के मुद्दे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान परिषद परिसर के बाहर माहौल काफी गरम रहा।
विपक्ष का आरोप है कि राज्य सरकार किसानों के लिए कोई ठोस काम नहीं कर रही है। उनका कहना है कि कृषि रोड मैप के नाम पर सिर्फ घोषणाएं हो रही हैं, जबकि जमीनी स्तर पर किसानों को कोई सहायता नहीं मिल रही है। इसी मांग को लेकर विपक्ष ने सदन के बाहर विरोध जताया।
इस दौरान राबड़ी देवी ने सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जनता ने बहुमत विपक्ष को दिया था, लेकिन मौजूदा सरकार ने 'चोरी करके' सत्ता हासिल की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट उनके पक्ष में पड़ा, लेकिन मशीनों में गड़बड़ी कर सरकार बना ली गई। राबड़ी देवी ने कहा कि, चुनाव में हम लोगों का जीत हुआ है। ये लोग चोरी से सरकार बनाएं है। हमलोगों को 1 करोड़ 90 लाख वोट मिला, उनको क्या मिला। आधा वोट भी नहीं।
राबड़ी देवी ने अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए दावा किया कि महाराष्ट्र और हरियाणा में विधायकों को 50–60 करोड़ रुपये देकर खरीदा गया। उन्होंने कहा कि यह सब जनता देख रही है और बिहार की जनता भी सब समझ रही है। चोरी से जीता है और सरकार बनाया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष किसानों के हक के लिए लगातार लड़ाई लड़ता रहेगा और सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना होगा। राबड़ी देवी के इस बयान के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है।
पटना से अभिजीत की रिपोर्ट