राम विलास पासवान के नाम पर होगा पटना के मरीन ड्राइव के गोलंबर का नाम ! सीएम सम्राट चौधरी को चिराग की पार्टी ने सौंपा ज्ञापन

लोजपा नेताओं के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। पटना के मरीन ड्राइव (जेपी गंगा पथ) के एक प्रमुख गोलंबर का नाम “पद्म भूषण श्रद्धेय राम विलास पासवान गोलंबर” रखने की मांग की है।

Ram Vilas Paswan Golambar- फोटो : news4nation

Bihar News : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पटना के मरीन ड्राइव (जेपी गंगा पथ) के एक प्रमुख गोलंबर का नाम “पद्म भूषण श्रद्धेय राम विलास पासवान गोलंबर” रखने की मांग की है। पार्टी नेताओं ने गोलंबर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोजपा संस्थापक राम विलास पासवान की भव्य आदमकद प्रतिमा स्थापित करने का भी आग्रह किया है।


इस संबंध में लोजपा (रामविलास) के बिहार प्रभारी सह जमुई सांसद अरुण भारती, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और राष्ट्रीय महासचिव सह राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धीरेन्द्र कुमार मुन्ना ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर मांग रखी।


पार्टी नेताओं ने कहा कि राम विलास पासवान ने अपने करीब पांच दशक लंबे सार्वजनिक जीवन में गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के अधिकार, सम्मान एवं कल्याण के लिए लगातार काम किया। सामाजिक न्याय और समानता के लिए उनके योगदान को देखते हुए पटना के महत्वपूर्ण स्थल पर उनके नाम पर गोलंबर का नामकरण और प्रतिमा की स्थापना उन्हें स्थायी सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।


लोजपा नेताओं के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। पार्टी ने उम्मीद जताई कि बिहार सरकार राम विलास पासवान के योगदान और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेगी।


पार्टी के बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी निशांत मिश्रा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष यह मांग रखी है।

नरोत्तम की रिपोर्ट