Bihar News: पटना में भारी बवाल, अतिक्रमण हटाने गई टीम से स्थानीय लोगों की झड़प, पुलिस पर पथराव, अधिकारी का सिर फटा
Bihar News: राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां अतिक्रमण हटाने गई टीम के साथ स्थानीय लोगों ने हिंसक झड़प की है। इस दौरान पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया है। एक अधिकारी का सिर फटने की सूचना मिली है।
Bihar News: बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग इलाके में भारी बवाल देखने को मिला है। जानकारी अनुसार मेदांता अस्पताल के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान सोमवार को हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी भिड़ंत हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घायल हो गए। एक अधिकारी का सिर फटने की भी सूचना है।
अतिक्रमण हटाने को लेकर हिंसक झड़प
दरअसल, नगर निगम की टीम शहर में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मेदांता अस्पताल रोड के पास अवैध रूप से बसे लोगों को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध बढ़ने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और पुलिस व पब्लिक के बीच धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई।
भारी पुलिस बल तैनात
एक स्थानीय महिला ने बताया कि नगर निगम कर्मियों ने पहले झुग्गी-झोपड़ी हटाने के लिए कहा था जिसे लोगों ने खुद ही नीचे गिरा दिया। इसके बावजूद तोड़फोड़ जारी रखी गई, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। फिलहाल क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
उग्र लोगों ने टीम को खदेड़ा
बताया जा रहा है कि जब पुलिस और नगर निगम की टीम ने कार्रवाई को आगे बढ़ाने की कोशिश की तो उग्र लोगों ने उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान नगर निगम की जेसीबी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमले में नगर निगम कर्मी सुनील के सिर पर पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कई पुलिसकर्मी भी पथराव में चोटिल हुए हैं। मौके पर मौजूद दंडाधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान अचानक भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और इलाके में तनाव बना हुआ है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट