राबड़ी देवी का भाजपा के देवेश कुमार पर बड़ा आरोप, विधान परिषद की घटना पर BJP MLC का दावा- मुझ पर हमला कर सकते राजद सदस्य

Rabri Devi /BJP MLC Devesh Kumar
Rabri Devi /BJP MLC Devesh Kumar - फोटो : news4nation

Rabri Devi : बिहार विधान परिषद के भीतर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा सदस्यों के साथ हुई नोकझोंक को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने सोमवार को बड़ा बयान दिया है। राबड़ी देवी ने कहा कि राजद सदस्य दरभंगा में एक छोटी बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और राज्य में लगातार बढ़ रही बलात्कार की घटनाओं को लेकर सदन में हंगामा कर रहे थे और सरकार से जवाब मांग रहे थे।


राबड़ी देवी के अनुसार, इसी दौरान भाजपा के सदस्य देवेश कुमार ने उनके प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वह अपनी आपत्ति दर्ज कराने के लिए उनकी ओर गई थीं। राबड़ी देवी ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और सरकार की चुप्पी के खिलाफ था।


देवेश ने आरोपों को नकारा

भाजपा के देवेश कुमार ने कहा कि सदन का नियम होता है कि जब सभापति कुछ बोल रहे हों तो अन्य सभी सदस्य अपनी जगह पर बैठकर उनके नियमन को सुनता है। लेकिन आज जब सभापति अवधेश नारायण सिंह नियमन दे रहे थे तब विपक्ष के सदस्य लगातार हंगामा कर रहे थे। इसी को लेकर उन्होंने राबड़ी देवी पर कहा कि आप सभापति के बोलने के दौरान क्यों बोल रही हैं। 


उन्होंने कहा कि इसके बाद राजद सदस्य सुनील कुमार ने मामले को ट्विस्ट किया और राबड़ी देवी अपनी जगह से उठकर उनकी ओर बढ़ गई। इस दौरान उनके साथ अन्य राजद एमएलसी भी आ गए। ऐसा लगा कि जिस आक्रामक मुद्रा में राबड़ी देवी हैं वह हमलावर भी हो सकती हैं। इसी कारण वे सदन से बाहर हो गए। हालांकि राजद के सदस्यों का व्यवहार सदन में नियमन के विपरीत बना रहा।

अभिजीत की रिपोर्ट