LPG Cylinder New Rate: बजट से पहले एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ा झटका, इतने रुपए महंगा हुआ सिलेंडर, जानिए ताजा रेट

LPG Cylinder New Rate: बजट से पहले एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। एलपीजी सिलेंडर एक बार फिर महंगा हो गया है। दिल्ली से लेकर पटना तक कॉमर्शियल सिलेंडर करीब 50 रुपये तक महंगा हो गया है।

LPG Cylinder New Rate- फोटो : social media

LPG Cylinder New Rate: संसद में आज केंद्रीय बजट पेश होना है। बजट पेश होने से पहले ही एलपीजी उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है। 1 फरवरी 2026 से कॉमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जबकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली से लेकर पटना तक कॉमर्शियल सिलेंडर करीब 50 रुपये तक महंगा हो गया है।

महानगरों में कॉमर्शियल सिलेंडर के नए रेट

दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 1691.50 रुपये की जगह 1740.50 रुपये में मिलेगा। कोलकाता में इसकी कीमत 1795 रुपये से बढ़कर 1844.50 रुपये हो गई है। मुंबई में यह 1642.50 रुपये से बढ़कर 1692 रुपये और चेन्नई में 1849.50 रुपये से बढ़कर 1899.50 रुपये हो गया है। दाम बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।

घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर

इंडियन ऑयल के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में 853 रुपये में मिल रहा है। पटना में इसकी कीमत 951 रुपये है। मुंबई में 852.50 रुपये और लखनऊ में 890.50 रुपये में सिलेंडर उपलब्ध है। वहीं कारगिल में 985.50 रुपये, पुलवामा में 969 रुपये और बागेश्वर में 890.50 रुपये कीमत बनी हुई है।

हर महीने की पहली तारीख को होती है LPG कीमतों की समीक्षा

पेट्रोलियम मार्केटिंग से जुड़ी सरकारी कंपनियां (ऑयल PSU) हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इसी प्रक्रिया के तहत जनवरी में भी 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे। हालांकि, इससे पहले बीते साल नवंबर और दिसंबर में कीमतों में क्रमश- 5 और 10 रुपये की कटौती की गई थी।

पिछले साल कीमतों में रहा उतार-चढ़ाव

भले ही जनवरी और फरवरी में कॉमर्शियल सिलेंडरों के दाम बढ़े हों, लेकिन पिछले कैलेंडर वर्ष के दौरान कीमतों में बड़ी गिरावट भी देखने को मिली थी। नवंबर और दिसंबर में लगातार कटौती की गई, जबकि इससे पहले सिर्फ 1 अक्टूबर को 15.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इसके पहले लगातार छह महीनों तक सिलेंडर के दाम घटते रहे।

कब कब बदले दाम

आंकड़ों के मुताबिक, बीते साल मार्च में दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1803 रुपये थी। 1 अप्रैल को यह घटकर 1762 रुपये हो गई। 1 मई को फिर कटौती हुई और कीमत 1747.50 रुपये रह गई। 1 जून को दाम 1723.50 रुपये, 1 जुलाई को 1665 रुपये और 1 अगस्त को 1631.50 रुपये पर पहुंच गए। इसके बाद 1 सितंबर को कीमत बढ़कर 1680 रुपये हुई, 1 अक्टूबर को घटकर 1595.50 रुपये, 1 नवंबर को 1590.50 रुपये और 1 दिसंबर 2025 को 1580.50 रुपये दर्ज की गई।