गोपालपुर थाना पुलिस और DIU की बड़ी कार्रवाई : सम्पत्तचक लूटकांड मामले में दो नाबालिग निरुद्ध, पिस्टल व मोबाइल बरामद

Patna : पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सम्पत्तचक में हुई हथियारबंद लूट की वारदात का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर 02) के नेतृत्व में गठित एसआईटी (SIT) और डीआईयू (DIU) की टीम ने तकनीकी साक्ष्य व मानवीय सूचनाओं के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाते हुए घटना में संलिप्त दो विधि-विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) को निरूद्ध किया है।


अब्दुल्लाचक मार्ग पर हथियार दिखाकर की थी लूट 

घटना 1 अगस्त 2026 की रात्रि की है, जब सम्पत्तचक बाजार स्थित अब्दुल्लाचक मुख्य मार्ग से गुजर रहे एक व्यक्ति को अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर घेर लिया। अपराधियों ने पीड़ित से एक कीमती स्मार्टफोन और कुछ नकद राशि जबरन लूट ली थी। इस संबंध में पीड़ित के आवेदन पर गोपालपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था।


SIT टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दबोचा 

एसएसपी के निर्देश पर नगर पूर्वी पुलिस अधीक्षक द्वारा एसडीपीओ सदर 02 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने गोपालपुर थाना पुलिस और डीआईयू (DIU) के साथ मिलकर तकनीकी अनुसंधान के ज़रिए संदिग्धों की पहचान की और छापेमारी कर दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया।


देसी कट्टा, कारतूस और 3 स्मार्टफोन बरामद 

पुलिस ने निरूद्ध किए गए नाबालिगों के पास से लूट की घटना में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा, पीड़ित का लूटा हुआ वीवो (Vivo) कंपनी का स्मार्टफोन और आरोपियों के पास से 2 अन्य स्मार्टफोन भी जब्त किए गए हैं।


अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी 

मामले में गोपालपुर थाना कांड संख्या 385/26 के तहत कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस लूटकांड में शामिल अन्य संभावित सहयोगियों और आपराधिक नेटवर्क की पहचान के लिए पुलिस टीम द्वारा विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।


अनिल की रिपोर्ट