गरीब चौपाल यात्रा के तहत मुंगेर पहुंचे डॉ. संतोष कुमार सुमन, टाउन हॉल में आमजन से किया सीधा संवाद

हम (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन रविवार को गरीब चौपाल यात्रा के तहत मुंगेर पहुंचे। जहां उन्होंने जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गरीब चौपाल यात्रा का मुख्य उद्देश्य सत्ता और समाज के बीच की दूरी को मिटाना है....

गरीब चौपाल यात्रा के तहत मुंगेर पहुंचे डॉ. संतोष कुमार सुमन,
गरीब चौपाल यात्रा के तहत मुंगेर पहुंचे डॉ. संतोष कुमार सुमन- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन अपनी 'गरीब चौपाल यात्रा' के क्रम में रविवार को मुंगेर पहुंचे। मुंगेर आगमन पर उन्होंने अम्बेडकर चौक पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल, बाबू वीर कुंवर सिंह और अमर शहीद रामफल मंडल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।


टाउन हॉल में आयोजित 'गरीब चौपाल' में भारी भीड़ 

मुंगेर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में आयोजित गरीब चौपाल कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परमानन्द मांझी ने की और मंच संचालन मुकेश मांझी द्वारा किया गया। चौपाल के दौरान आम लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और अपनी मांगों को सीधे मंत्री के समक्ष रखा, जिसे उन्होंने पूरी गंभीरता से सुना।


अंतिम पायदान के व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही लक्ष्य 

जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा का मुख्य उद्देश्य सत्ता और समाज के बीच की दूरी को मिटाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीब, वंचित, किसान, मजदूर और युवाओं की आवाज ही उनकी राजनीति का असली आधार है। सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी रुकावट के पहुँचे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


गरीबों और शोषितों के हक की लड़ाई जारी रखेगी पार्टी 

डॉ. सुमन ने बल देते हुए कहा कि 'हम' (से.) पार्टी हमेशा से शोषितों, पीड़ितों और महादलित समाज के अधिकारों व सम्मान के लिए मुखर रही है। गरीब चौपाल केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि ज़मीनी स्तर पर जन-समस्याओं को समझकर उन्हें शासन और प्रशासन के सही मंच तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम और अभियान है।


हम पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद 

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण, अतरी विधायक रोमित कुमार, महादलित आयोग के सदस्य मुकेश मांझी, राष्ट्रीय सचिव नीलेश सिंह, प्रवक्ता शंकर मांझी, वरिष्ठ नेता विज्ञान स्वरूप, युवा प्रदेश अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह, शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बीपी सिंह, मीडिया प्रभारी गिरधारी सिंह, करणी सेना अध्यक्ष राजेश सिंह, शमसेर आलम, राजकुमार शाह और नारायण मांझी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


नरोत्तम की रिपोर्ट