पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कदमकुआं के बंद फ्लैट में चोरी का सफल उद्भेदन, हथियार के साथ मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस बीते दिनों राजधानी के अतिव्यस्त इलाके में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.....

पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत कांग्रेस मैदान के पास स्थित ऑर्गन अपार्टमेंट में बीते 20/21 सितंबर 2026 की रात एक बंद फ्लैट में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी को धर दबोचा है।


CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया आरोपी 

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि चोरी की वारदात के बाद मामले के अनुसंधान के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण, तकनीकी सर्विलांस तथा मानवीय सूचना तंत्र (ह्यूमन इंटेलिजेंस) के आधार पर गिरोह की पहचान की। मिली गुप्त सूचना पर तुरंत छापेमारी कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।


पूछताछ में कबूला जुर्म, घर से मिली पिस्टल और चोरी की घड़ी 

कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उसने बताया कि अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसने बंद फ्लैट को निशाना बनाया था। अभियुक्त की निशानदेही पर छापेमारी कर चोरी की गई एक घड़ी बरामद की गई है। इसके अलावा आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अवैध पिस्टल और एक खाली मैगजीन भी जब्त की है, जिसके संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


फरार साथियों की तलाश और बरामदगी के लिए छापेमारी जारी 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की इस वारदात में शामिल अन्य सह-आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए शेष सामान व आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जल्द ही पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

अनिल की रिपोर्ट