SVU की बड़ी कार्रवाई : पथ निर्माण विभाग के इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी, बरामद हुई वैध आय से 139.87% अधिक संपत्ति

पथ निर्माण अंचल सहरसा के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार उर्फ विजय कुमार के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है. निगरानी की विशेष टीम द्वारा उनके ठिकानों पर की गई छापेमारी मे अबतक आय से तकरीबन 139.87% अधिक संपत्ति बरामद हुई है....

इंजीनियर के ठिकानों से बरामद हुई वैध आय से 139.87% अधिक संपत्ति- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है. अपर पुलिस महानिदेशक, विशेष निगरानी इकाई, पटना  सुधांशु कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पथ निर्माण अंचल सहरसा के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार उर्फ विजय कुमार के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है. उनके खिलाफ विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या-27/2026 दिनांक 03.11.2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत दर्ज किया गया है.


वैध आय से 139.87% अधिक पाई गई अप्रत्याशित संपत्ति

प्रारंभिक जांच और सत्यापन से यह खुलासा हुआ है कि श्री विजय कुमार ने 22 दिसंबर 2004 को सरकारी सेवा में योगदान देने के बाद से पटना, गया, सहरसा एवं अन्य स्थानों पर पदस्थापन के दौरान कथित तौर पर अवैध और भ्रष्ट तरीकों से अकूत संपत्ति अर्जित की है. सत्यापन के दौरान उनकी वैध आय की तुलना में कुल 3,28,70,600 रुपये की अप्रत्याशित संपत्ति पाई गई, जो उनकी वैध आय के स्रोत से 139.87% अधिक है.


पटना, सहरसा और औरंगाबाद में पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

माननीय न्यायालय, निगरानी, पटना से प्राप्त तलाशी वारंट के आधार पर SVU की टीमों ने दिनांक 04.11.2026 को अभियंता के पटना, सहरसा और औरंगाबाद स्थित कुल 5 ठिकानों और कार्यालयों पर एक साथ छापेमारी की:

  • साईं शरणम् आवासीय परिसर: गोला रोड, दानापुर, पटना.
  • कार्यालय एवं आवासीय परिसर: अधीक्षण अभियंता, पथ निर्माण प्रमंडल, सहरसा.
  • पैतृक आवास: ग्राम ब्राह्मण टोली, वार्ड नंबर 12, दाउदनगर, औरंगाबाद.
  • प्रेमा रेजिडेंसी: फ्लैट नंबर 303, महेश नगर, थाना-पाटलिपुत्र, पटना.


भारी मात्रा में नकदी, जेवरात और निवेश के दस्तावेज बरामद

छापेमारी के दौरान अभियुक्त के 'साईं शरणम्' नामक आवास से 31.42 लाख रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ इंडिया में कुल 10 लाख रुपये की सावधि जमा (Fixed Deposit), 23.23 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा एलआईसी (LIC) व टाटा एआईए जैसी कंपनियों में निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं. इसके अलावा उनकी पत्नी रानी कुमारी के नाम पर कई भूखंड, फ्लैट और बैंक खातों के दस्तावेज भी मिले हैं.


तलाशी अभियान जारी, आगे भी खुलासे की संभावना

विशेष निगरानी इकाई की ओर से कहा गया है कि टीमें फिलहाल विभिन्न ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की बारीकी से जांच कर रही हैं. तलाशी कार्यवाई के पूर्ण समापन के बाद अंतिम परिणामों से आधिकारिक तौर पर अवगत कराया जाएगा. भ्रष्टाचार या रिश्वत से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए विशेष निगरानी इकाई के दूरभाष नंबर 0612-2506253 या मोबाइल नंबर 9031633641 पर संपर्क किया जा सकता है.


रंजीत की रिपोर्ट