बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: ओम प्रकाश चौबे बने उच्च शिक्षा विभाग में प्रधान आप्त सचिव, अधिसूचना जारी

बिहार मे एकबार फिर प्रशासनिक फेर-बदल हुआ है। आयुक्त कार्यालय, सारण प्रमंडल, छपरा में प्रधान आप्त सचिव के पद पर पदस्थापित ओम प्रकाश चौबे का तबादला कर दिया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है....

Patna : बिहार मे एकबार फिर प्रशासनिक फेर-बदल हुआ है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी ताजा अधिसूचना के तहत प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण तबादला किया गया है। बिहार सचिवालय आशुलिपिक सेवा के अधिकारी ओम प्रकाश चौबे को उच्च शिक्षा विभाग, बिहार, पटना में प्रधान आप्त सचिव के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।


सारण प्रमंडल से पटना हुआ स्थानांतरण

अधिसूचना के अनुसार, ओम प्रकाश चौबे (कोटि क्रमांक–96/2026) वर्तमान में आयुक्त कार्यालय, सारण प्रमंडल, छपरा में प्रधान आप्त सचिव के पद पर पदस्थापित थे। अब उनका स्थानांतरण करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा विभाग, पटना में रिक्त पड़े प्रधान आप्त सचिव के पद पर अगले आदेश तक पदस्थापित किया गया है।


स्वयं के आवेदन पर हुआ तबादला

विभाग द्वारा जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि यह स्थानांतरण ओम प्रकाश चौबे के स्वयं के अभ्यावेदन (आवेदन) के आधार पर किया गया है। नियमानुसार, अपनी इच्छा से कराए गए तबादले के कारण उन्हें इस पदस्थापना के लिए कोई यात्रा भत्ता अनुमान्य नहीं होगा।


तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश

बिहार के राज्यपाल के आदेश से सरकार के अवर सचिव राज किशोर तिवारी द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस संबंध में विभाग ने अधिसूचना संख्या 09/पद0–05–07/2022, सा0प्र0 14622 जारी कर आधिकारिक घोषणा की है।


संबंधित विभागों को भेजी गई प्रतिलिपि

इस आदेश की प्रतिलिपि उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, सारण प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त, वित्त विभाग (वैयक्तिक दावा निर्धारण कोषांग), संबंधित कोषागार अधिकारियों तथा सामान्य प्रशासन विभाग के आईटी मैनेजर को आवश्यक सूचना एवं अग्रतर कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई है।