बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : कई जिलों को मिले नए SDO और DCLR, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

बिहार में एकबार फिर बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदर हुआ है। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के नौ अधिकारियों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण और पदस्थापन किया है...

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल - फोटो : न्यूज4नेशन

Patna : बिहार में एकबार फिर बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदर हुआ है। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के नौ अधिकारियों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण और पदस्थापन किया है। सरकार के उप सचिव राजीव रंजन दास के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश के तहत प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


अजय कुमार बने दरभंगा के DCLR और विशाल को मिली हाजीपुर SDO की जिम्मेदारी

जारी अधिसूचना के अनुसार, गोपालगंज के वरीय उप समाहर्ता अजय कुमार को भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR), दरभंगा के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं, सीतामढ़ी के जिला पंचायत राज पदाधिकारी विशाल को अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), हाजीपुर बनाया गया है। इसके अलावा जहानाबाद के जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुजीत कुमार को SDO अरेराज तथा रोहतास के वरीय उप समाहर्ता ओम प्रकाश लाल को SDO जगदीशपुर की जिम्मेदारी दी गई है।


विभिन्न अनुमंडलों में नए अधिकारियों की तैनाती

स्थानान्तरण की इस कड़ी में बिक्रमगंज (रोहतास) के DCLR संतोष कुमार को SDO मधुबनी सदर, पटना के वरीय उप समाहर्ता अमित कुमार सिंह को SDO मंझौल और पदस्थापन की प्रतीक्षा में चल रहे राकेश रंजन कुमार को SDO कहलगांव के पद पर भेजा गया है। इसके साथ ही बक्सर के वरीय उप समाहर्ता अमित कुमार और मुजफ्फरपुर के वरीय उप समाहर्ता यशवंत कुमार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD), बिहार, पटना में विशेष कार्य पदाधिकारी (OSD) के रूप में पदस्थापित किया गया है।


नवनियुक्त SDO को मिलीं कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां

विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अनुमंडल अधिकारी (SDO) के पद पर पदस्थापित होने वाले सभी अधिकारियों को संबंधित अनुमंडल क्षेत्रों के लिए 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023' की धारा-14 और धारा-163 के तहत कार्यपालक दंडाधिकारी की आवश्यक शक्तियां भी प्रदान की जाती हैं। इससे संबंधित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।


बिना पारगमन काल के तुरंत योगदान देने के सख्त निर्देश

अधिसूचना में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे पारगमन काल (Transit Period) का उपभोग किए बिना अपने नए पदस्थापन वाले स्थान पर तत्काल योगदान देकर प्रभार ग्रहण करेंगे। साथ ही, अपने योगदान की लिखित सूचना तुरंत सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना को भेजना सुनिश्चित करेंगे ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट न आए।