Bihar News: पूर्णिया में बड़ा बैंक घोटाला! 300 खातों से 3 करोड़ की निकासी, पीड़ितों ने सड़क जामकर काटा बवाल

Bihar News: पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र से एक बड़े बैंक घोटाले का मामला सामने आया है। जहां सीएसपी संचालक और बैंक कर्मियों की मिलीभगत से सैकड़ों खाताधारकों के करोड़ों रुपये की अवैध निकासी का आरोप लगा है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क

पूर्णिया में बैंक घोटाला - फोटो : Reporter

Bihar News: बिहार के पूर्णिया से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां 300 खातों से करीब 3 करोड़ की निकासी की गई है। बड़े पैमाने पर ठगी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर भारी बवाल किया। पीड़ितों का आरोप है कि वो लोग 15 दिन से परेशान हैं, थाने में भी गए लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

बैंक ठगी का सनसनीखेज मामला 

दरअसल, पूरा मामला पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र के शीशाबाड़ी गांव का है। जानकारी अनुसार बड़े पैमाने पर बैंक ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि सीएसपी संचालक और बैंक कर्मियों की मिलीभगत से करीब 300 लोगों के खातों से लगभग 3 करोड़ रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने रौटा स्थित सेंट्रल बैंक के पास बहादुरगंज-बायसी स्टेट हाईवे को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। 

278 महिलाओं के खातों से निकासी की पुष्टि

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पैसे वापस दिलाने की मांग की। पीड़ितों के अनुसार अब तक 278 महिलाओं के खातों से करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी की पुष्टि हो चुकी है। पीड़िता सुबांगी बेगम ने बताया कि उनके खाते से ही 14 लाख 57 हजार रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बैंक प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

सीएसपी संचालक और बैंक कर्मियों पर आरोप

ग्रामीणों ने गांव के सीएसपी संचालक जुबैर आलम, उनके पुत्र इंतेसार आलम और रौटा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर रमण महतो समेत अन्य कर्मचारियों पर इस घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि जब भी पैसे की मांग की जाती थी, उन्हें टाल दिया जाता था। घटना के सामने आने के बाद आरोपी सीएसपी संचालक जुबैर आलम अपने केंद्र पर ताला लगाकर फरार हो गया। 

पुलिस ने कराया जाम समाप्त, जांच जारी

इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही रौटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

पूर्णिया से अंकित की रिपोर्ट