पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न मामलों में आरोपी 48 अभियुक्त को किया गिरफ्तार

अपराध नियंत्रण को लेकर पटना पुलिस द्वारा चलाए जा अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पटना पश्चिम इलाके से 24 घंटे के अंदर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न मामलों में आरोपी 48 अभियुक्तों को धर दबोचा है.....

पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : पटना पश्चिमी पुलिस ने अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाकर बीते 24 घंटे में कुल 48 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, कार्रवाई के दौरान हत्या के प्रयास मामले में 04, एनडीपीएस एक्ट में 07, आर्म्स एक्ट में 01, जालसाजी में 01, चोरी में 01 तथा विविध मामलों में 34 आरोपियों को दबोचा गया है।


भारी मात्रा में हथियार, मादक पदार्थ और शराब बरामद 

अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न इलाकों से अवैध हथियार और नशीले पदार्थों का बड़ा जखीरा जब्त किया है। बरामदगी में एक देसी कट्टा, दो पिस्टल मैगजीन, 32 कारतूस, 540 ग्राम हेरोइन जैसा कच्चा पदार्थ, 68.91 ग्राम स्मैक, 8.1 किलोग्राम गांजा, 372.12 लीटर विदेशी शराब और 22 लीटर देसी शराब शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 4 वाहन और 17,000 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।


38 वारंट व कुर्की का निष्पादन, फरार अपराधियों पर कसता शिकंजा 

अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों और कुर्की के निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया है। 24 घंटे की अवधि के भीतर कुल 38 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया, जिनमें 14 जमानती वारंट (BW), 21 गैर-जमानती वारंट (NBW) और 03 कुर्की जब्ती की कार्रवाइयां शामिल हैं।


खगौल, शाहपुर और नौबतपुर में हत्या प्रयास व जालसाजी के नामजद आरोपी दबोचे गए गंभीर कांडों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खगौल थाना क्षेत्र से हत्या के प्रयास मामले में मृत्युंजय कुमार उर्फ बबलू और नीरज कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, शाहपुर थाना क्षेत्र से जालसाजी के मामले में नामजद मनोज कुमार उर्फ विनय कुमार और आर्म्स एक्ट में संतोष पोद्दार को दबोचा गया। इसके अलावा नौबतपुर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के आरोपी गोपाल कुमार और चितरंजन को गिरफ्तार कर लिया गया है।


एनडीपीएस व एससी/एसटी एक्ट में भी ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां 

मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए गए अभियान के तहत फुलवारीशरीफ और नौबतपुर थानों द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 7 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दीपक कुमार, वैभव सिंह, रिंकू भारती, रवींद्र राय, गुड्डू राम, मनोज कुमार और शंभू प्रसाद शामिल हैं। वहीं मनेर थाना क्षेत्र से एससी/एसटी एक्ट मामले में भीम राय और प्रभु राय को पकड़ा गया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


रंजीत की रिपोर्ट