Bihar News : कटिहार में मरीजों की जगह एंबुलेंस में ढोई जा रही थी शराब, कटिहार पुलिस ने शराब की बड़ी खेप के साथ चालक को किया गिरफ्तार
Bihar News : कटिहार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 396 लीटर विदेशी शराब की बड़ी खेप के साथ एंबुलेंस को जप्त कर लिया है. वहीँ ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है.....पढ़िए आगे
KATIHAR : बिहार में शराबबंदी के बीच तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध शराब की आपूर्ति करने में जुटे हैं। ताजा मामला कटिहार जिले के रोशना थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक खाली एंबुलेंस से 396 लीटर विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से एंबुलेंस को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बंगाल से लाई जा रही थी शराब की बड़ी खेप
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी विशाल आनंद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल की सीमा से एक एंबुलेंस के जरिए भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही रोशना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकेबंदी की और संदिग्ध एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस के भीतर मरीज की जगह 396 लीटर विदेशी शराब की बोतलें छिपाकर रखी पाई गईं।
पुलिस भी रह गई हैरान, जांच जारी
डीएसपी विशाल आनंद ने कहा कि एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहन का इस्तेमाल शराब तस्करों द्वारा किया जाना निश्चित तौर पर अपने आप में एक चौंकाने वाला मामला है। तस्करों को लगा था कि एंबुलेंस होने के कारण पुलिस जांच से बच निकलेंगे, लेकिन कटिहार पुलिस शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पूरी तरह सजग और मुस्तैद है।
चालक गिरफ्तार
पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि शराब की यह खेप बंगाल में कहां से लोड की गई थी और इसे बिहार में किस माफिया तक पहुंचाया जाना था। कटिहार पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर गया है।
श्याम की रिपोर्ट