पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोदाम से भारी मात्रा मे विदेशी शराब बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

पटना में शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने के अभियान के तहत बाईपास थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक गोदाम से भारी मात्रा में शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है....

भारी मात्रा मे विदेशी शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : पटना में शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने के अभियान के तहत बाईपास थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। टेंट सिटी रोड स्थित एक गोदाम में अवैध विदेशी शराब के भंडारण और तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब जब्त की और मौके से तीन तस्करों को धर दबोचा।


विशेष पुलिस टीम का गठन और सुनियोजित कार्रवाई 

गोदाम से शराब को दो पिकअप वाहनों पर लोड किए जाने की पक्की खबर मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पटना सिटी-02) और बाईपास थानाध्यक्ष के नेतृत्व में बनी इस टीम ने बिना समय गंवाए गोदाम पर अचानक धावा बोलकर तस्करों की योजना को नाकाम कर दिया।


266 कार्टून विदेशी शराब और वाहन जब्त 

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने गोदाम और वाहनों की तलाशी ली, जहां से 266 कार्टूनों में रखी कुल 2,365.20 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इसके साथ ही शराब परिवहन के लिए इस्तेमाल में लाए जा रहे 2 पिकअप वाहन और तस्करों के पास मौजूद 4 मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए।


तीन अभियुक्त गिरफ्तार, सिंडिकेट की जांच जारी 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से शराब तस्करी के खेल में शामिल 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइलों के कॉल डिटेल्स खंगाल रही है, ताकि शराब सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना और इसे प्राप्त करने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।


प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू 

बाईपास थाना पुलिस ने इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध शराब के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


रंजीत की रिपोर्ट