Bihar Crime : सिवान में दिनदहाड़े बदमाशों ने ज्वेलर्स की दुकान में की लूट की कोशिश, विरोध करने पर व्यवसायी को मारी गोली

Bihar Crime : सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत टरवां चट्टी बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान में घुसकर लूट की कोशिश की।

Bihar Crime : सिवान में दिनदहाड़े बदमाशों ने ज्वेलर्स की दुक
लूट की कोशिश - फोटो : TABISH

SIWAN : जिले के दरौली थाना क्षेत्र के टरवां चट्टी बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलर्स की दुकान में लूट की कोशिश की। दो बाइक पर सवार पांच नकाबपोश अपराधी दुकान में घुसे और आभूषण लूटने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी दिलीप वर्मा को गोली मार दी। घटना के दौरान दिलीप वर्मा ने एक अपराधी को पकड़ लिया, लेकिन बदमाश ने चाकू से उनके हाथ पर वार कर खुद को छुड़ा लिया। इसके बाद अपराधियों ने गोली चला दी और मौके से भागने लगे।

दुकानदारों ने पीछा कर दो अपराधियों को पकड़ा

गोली की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बाजार के लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए अपराधियों का पीछा किया और दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि तीन अपराधी भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस फरार साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस के अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने को लेकर आक्रोश बढ़ा, जिसके बाद लोगों ने गुठनी-दरौली मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मौके से गोली, खोखा और बाइक बरामद

घटना की सूचना मिलते ही दरौली थानाध्यक्ष और सदर-2 मैरवा एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस ने मौके से गोली, खोखा और अपराधियों की मोटरसाइकिल बरामद की है।

घायल व्यवसायी को यूपी रेफर किया गया

गोली लगने के बाद घायल व्यवसायी दिलीप वर्मा को दरौली पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश लेकर गए हैं। एसपी भारत सोनी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस की टीमें फरार तीनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट