पटना में मद्यनिषेध विभाग का बड़ा एक्शन : कार से भारी मात्रा में शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
राजधानी पटना में शराब तस्करों पर मद्यनिषेध विभाग की टीम ने शिकंजा कसा है। विभाग ने दो अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है। वहीं दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.....
Patna : राजधानी पटना में शराब तस्करों पर मद्यनिषेध विभाग की टीम ने शिकंजा कसा है। विभाग ने दो अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान तीन शराब तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस और मद्यनिषेध विभाग दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।
आशियाना-दीघा रोड से कार और शराब जब्त
कार्रवाई की पहली कड़ी में मद्यनिषेध विभाग की टीम को दीघा थाना क्षेत्र के आशियाना-दीघा रोड में शराब परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी। निरीक्षक दीपक महतो के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर एक हुंडई औरा कार को रोककर तलाशी ली। वाहन से करीब 3 लाख 35 हजार रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की गई और कार को जब्त कर लिया गया।
दीघा में दो शराब तस्कर गिरफ्तार
आशियाना-दीघा रोड में हुई इस कार्रवाई के दौरान कार सवार दो तस्करों, निखिल कुमार और कुंदन कुमार, को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कार के जरिए शराब की खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। विभाग दोनों से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रहा है।
सोना गोपालपुर डीह में स्विफ्ट डिजायर से शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई गोपालपुर थाना क्षेत्र के सोना गोपालपुर डीह में अंजाम दी गई। निरीक्षक नरेंद्र कुमार की अगुवाई में टीम ने एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार की जांच की। तलाशी के दौरान कार के अंदर विशेष रूप से छिपाकर रखी गई 3 लाख 15 हजार रुपये की विदेशी शराब बरामद हुई।
नेटवर्क खंगालने में जुटा मद्यनिषेध विभाग
गोपालपुर से बिहटा निवासी रितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों घटनाओं में जब्त शराब की कुल कीमत 6 लाख रुपये से अधिक है। मद्यनिषेध विभाग अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर शराब की इस बड़ी खेप के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क का सुराग लगाने में जुट गया है।
रंजीत की रिपोर्ट