बंद के दौरान उपद्रव पर पुलिस का बड़ा एक्शन: गांधी मैदान और कोतवाली क्षेत्र से दर्जनों उपद्रवी गिरफ्तार, पीआर बॉन्ड पर रिहा हुए 30 लोग
25 जुलाई को बंद के दौरान पथराव और तोड़फोड़ करने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने गांधी मैदान और कोतवाली क्षेत्र से दर्जनों उपद्रवियोंं की पहचान गिरफ्तार
Patna : बिहार की राजधानी पटना में 25 जुलाई को आयोजित बंद के दौरान उपद्रवियों द्वारा पुलिस पर पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़ और सरकारी व निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के मामले में जिला प्रशासन की अनुमति से पटना पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की है। इस दौरान गांधी मैदान थाना क्षेत्र से 137 और कोतवाली थाना क्षेत्र से 52 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं मामूली संलिप्तता वाले लगभग 30 लोगों को पीआर (PR) बॉन्ड भरवाकर छोड़ा गया है।
रामगुलाम चौक और एग्जीबिशन रोड में पुलिस वाहनों को बनाया गया निशाना
घटना के दौरान उपद्रवियों ने गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित रामगुलाम चौक और एग्जीबिशन रोड में सड़क किनारे गैराज में खड़े पुलिस वाहनों को निशाना बनाकर भीषण तोड़फोड़ की। इसके अलावा गांधी मैदान के गेट नंबर 12 पर स्थित स्थायी ट्रैफिक पोस्ट को पूरी तरह से तहस-नहस कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।
ट्रैफिक चेक पोस्ट पर बम से हमला, पुलिस ने कई अज्ञात पर दर्ज किया मामला
उपद्रवियों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका, उन्होंने गांधी मैदान थाना कैंपस से सटे एक अन्य यातायात चेक पोस्ट पर बम से हमला कर उसे भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने इन हिंसक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कई दर्जनों अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सीसीटीवी और वीडियो फुटेज से असामाजिक तत्वों की पहचान जारी
फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। वीडियो साक्ष्यों के आधार पर हिंसा में शामिल अन्य उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है।
अनिल की रिपोर्ट