पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा प्रहार: पश्चिमी क्षेत्र में 24 घंटे में 70 अभियुक्त गिरफ्तार, हथियार व शराब बरामद

Patna : राजधानी पटना में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी के निर्देशन एवं सिटी एसपी (पश्चिमी) के नेतृत्व में गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों की धरपकड़ हेतु विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पश्चिमी क्षेत्र अंतर्गत पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विगत 24 घंटे में कुल 70 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस टीम पर हमला और अन्य संगीन मामलों में वांछित थे। वहीं, पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण 2 अन्य नामजद अभियुक्तों ने अदालत में आत्मसमर्पण भी कर दिया।


भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस और मादक पदार्थ जब्त 

छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस टीमों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। तलाशी और गश्ती के क्रम में पुलिस ने 1 अवैध पिस्टल, 33 जिंदा कारतूस, 44.5 लीटर अवैध देशी-विदेशी शराब, 14.34 ग्राम गांजा, 2 मोबाइल फोन और 3 वाहन जब्त किए हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित थानों में आर्म्स एक्ट और उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


वारंट और कुर्की-इश्तेहार के खिलाफ व्यापक कार्रवाई 

अभियान के अंतर्गत लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और संगीन मामलों के आरोपियों के विरुद्ध भी सख्त रुख अपनाया गया। वारंट, कुर्की और इश्तेहार की तामीली के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 47 अभियुक्तों के मामलों का निष्पादन किया गया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप का माहौल व्याप्त है।


तकनीकी अनुसंधान से 4 गुमशुदा युवक-युवतियां बरामद 

अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पटना पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं से जुड़े मामलों में भी त्वरित सफलता हासिल की है। पश्चिमी क्षेत्र की पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर पिछले 24 घंटे के भीतर अलग-अलग क्षेत्रों से लापता हुए 4 युवक-युवतियों को सकुशल बरामद कर लिया है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया और बयान दर्ज करने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।


कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस का सख्त संदेश 

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वालों और समाज में भय का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रंजीत की रिपोर्ट