रील बनाने का शौक पड़ा भारी: हाथ में हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने पर युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

हाल के दिनों में युवाओं के बीच सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अवैध हथियारों के साथ रील बनाने की प्रवृत्ति बढ़ी है। हालांकि उनका यह शौक कभी-कभी उन्हें भारी पड़ जा रहा है और जेल की हवा खानी पड़ रही है। एक ऐसा ही मामला बगहा से सामने आया है

रील बनाने का शौक पड़ा भारी: हाथ में हथियार लहराने का वीडियो
रील बनाने का शौक पड़ा भारी- फोटो : धीरज पराशर

Bagha : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में सोशल मीडिया पर चर्चित होने और दबदबा कायम करने की नीयत से हथियार लहराते हुए रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। हाथ में हथियार लेकर बनाया गया यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हुआ, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


लक्ष्मीपुर पतिलार गांव से आरोपी बालाधन यादव गिरफ्तार 

यह पूरा मामला बगहा अनुमंडल के चौतरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर पतिलार गांव का है। गिरफ्तार युवक की पहचान स्थानीय निवासी बालाधन यादव के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने कुछ समय पूर्व हथियार के साथ अपना एक वीडियो शूट किया था और उसे व्यूज व लाइक्स पाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर तेजी से फैल गया।



एसडीपीओ निहार भूषण ने की मामले की पुष्टि 

वीडियो के सार्वजनिक डोमेन में आने के बाद बगहा पुलिस ने तकनीकी व मानवीय अनुसंधान के आधार पर त्वरित जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान स्थापित होते ही चौतरवा थाने की पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया। मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बगहा के एसडीपीओ (SDPO) निहार भूषण ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।


हथियार के स्रोत की पड़ताल में जुटी पुलिस 

फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि युवक के पास यह हथियार कहां से आया और इसके पीछे किस गिरोह या व्यक्ति का हाथ है। पुलिस अधिकारी आरोपी से गहन पूछताछ कर हथियार के अवैध नेटवर्क और उसके आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं, ताकि आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।


युवाओं के लिए सबक बनी पुलिस की कार्रवाई 

हाल के दिनों में युवाओं के बीच सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अवैध हथियारों के साथ रील बनाने की प्रवृत्ति बढ़ी है। हालांकि, बगहा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने कड़ा संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिस वीडियो के जरिए युवक अपना प्रभाव दिखाना चाहता था, अंततः वही उसके सलाखों के पीछे पहुंचने का मुख्य आधार बन गया।

धीरज पराशर की रिपोर्ट