बिहार स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल : चार वरिष्ठ चिकित्सा पदाधिकारियों का तबादला, निदेशक प्रमुख और अपर निदेशक पद पर नई तैनाती
बिहार के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल हुआ है। विभाग ने चार वरिष्ठ चिकित्सा पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इस सबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है....
Patna : बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रशासनिक और चिकित्सीय व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विभाग की ओर से जारी एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, बिहार स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के चार वरिष्ठ चिकित्सा पदाधिकारियों को उनके वर्तमान पद एवं स्थान से स्थानांतरित करते हुए नए पदों पर पदस्थापित किया गया है। यह प्रशासनिक फेरबदल स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन और विभागीय कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से किया गया है।
डॉ. जितेन्द्र नाथ सिंह और डॉ. माला श्रीवास्तव बने निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं
जारी अधिसूचना के मुताबिक, कटिहार के असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में कार्यरत डॉ. जितेन्द्र नाथ सिंह (वरिष्ठता क्रमांक: 6644/08) को स्थानांतरित कर निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं, बिहार, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है। इसके साथ ही, राजकीय औषधालय मारूफगंज, पटना की अपर निदेशक-सह-चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. माला श्रीवास्तव (वरिष्ठता क्रमांक: 6901/08) को भी निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं, बिहार, पटना के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. संजय कुमार 1 दिसंबर से संभालेंगे कमान, डॉ. विजय प्रकाश राय बने अपर निदेशक (मुख्यालय)
इस फेरबदल के तहत शेखपुरा के असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार (वरिष्ठता क्रमांक: 6926/08) को निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं, बिहार, पटना बनाया गया है, जो आगामी 01 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग में पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय प्रकाश राय (वरिष्ठता क्रमांक: 9344/08) को अपर निदेशक (मुख्यालय), स्वास्थ्य सेवाएं, बिहार, पटना के महत्वपूर्ण पद पर पदस्थापित किया गया है।
नवपदस्थापित स्थान पर तुरंत योगदान देने का निर्देश, सक्षम प्राधिकार से मिला अनुमोदन
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी संबंधित स्थानांतरित चिकित्सकों को यह कड़ा निर्देश दिया गया है कि वे बिना किसी विलंब के अपने नवपदस्थापित स्थान पर तुरंत योगदान देना सुनिश्चित करें। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस अधिसूचना के जारी होने के बाद संबंधित चिकित्सकों के पदस्थापन के संबंध में पूर्व में जारी कोई भी आदेश स्वतः अवरमित (प्रभावी नहीं) समझा जाएगा। यह पूरी प्रशासनिक कार्रवाई सक्षम प्राधिकार के अनुमोदन के उपरांत की गई है।
राज्यपाल के आदेश से विशेष कार्य पदाधिकारी ने जारी किया आदेश, कई विभागों को भेजी गई प्रतिलिपि
यह आधिकारिक अधिसूचना बिहार राज्यपाल के आदेशानुसार स्वास्थ्य विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी-सह-संयुक्त सचिव रेणु कुमारी के हस्ताक्षर से जारी की गई है। इस आदेश की प्रति महालेखाकार, वित्त विभाग, राज्य स्वास्थ्य समिति, सभी क्षेत्रीय अपर निदेशक, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य एवं अधीक्षक तथा अन्य संबंधित कोषागार पदाधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई है।