पिस्टल के साथ रील्स बनाना 2 युवकों को पड़ा भारी : पुलिस ने किया गिरफ्तार, 5 शराबियों पर भी कसा शिकंजा

पटना की चौक थाना पुलिस ने हथियार के साथ वीडिओं वायरल करने वाले 2 युवकों के साथ-साथ 5 शराबियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवको में बेगूसराय का एक शातिर बदमाश भी शामिल है....

5 शराबी समेत 7 गिरफ्तार- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना में सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन कर रील्स बनाना दो युवकों को महंगा पड़ गया। चौक थाना पुलिस ने पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चौक थाना क्षेत्र के डोमखाना निवासी रौशन कुमार (पिता- जितेंद्र राम) और मालसलामी थाना क्षेत्र के भारत कोल्ड स्टोरेज के पास रहने वाले कृष्ण कुमार (पिता- संजय प्रसाद) के रूप में हुई है।


सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर, नहीं बख्शे जाएंगे हुड़दंगी

वीडियो सामने आने के बाद पटना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने सख्त लहजे में कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के सख्त कार्रवाई की जाएगी।


चौक थाना पुलिस ने शराब पीकर हंगामा करने वाले 5 अन्य को दबोचा

दूसरी ओर, चौक थाना पुलिस ने इलाके में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत शराब के नशे में सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव और हंगामा करने के आरोप में 5 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना और गश्त के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी को मौके से पकड़ा और उनके खिलाफ नियमानुसार मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की।


बेगूसराय के एक युवक सहित विभिन्न इलाकों के आरोपी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार लोगों में मारूफगंज निवासी शुभम राज, बाईपास थाना क्षेत्र निवासी विमल कुमार महतो, करमलीचक निवासी विनय कुमार, मेहदीगंज थाना क्षेत्र निवासी निखिल कुमार और बेगूसराय जिले का रहने वाला मो. मकसूद शामिल है। इन सभी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आगे का कदम उठाया जा रहा है।


थानाध्यक्ष की आम जनता से अपील: अवैध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना

चौक थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। हथियारों के अवैध प्रदर्शन, आपत्तिजनक कंटेंट वायरल करने और शराब के नशे में माहौल बिगाड़ने वालों पर पुलिस की विशेष टीम निगरानी रख रही है। इसके साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।


रंजीत की रिपोर्ट