गया में शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई : पिकअप से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, बंगाल का तस्कर गिरफ्तार

अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ गया जिला पुलिस और उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने एक वाहन से भारी मात्रा मे विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है.....

गया में शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई : पिकअप से भारी मात्रा
पिकअप से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित समेकित जांच चौकी (जीटी रोड डोभी) पर चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।


पिकअप से 726 लीटर विदेशी शराब और 2028 बोतलें बरामद

पुलिस द्वारा रोके गए महिंद्रा पिकअप वाहन (निबंधन संख्या BR-06GG-8305) की गहन तलाशी ली गई तो उसमें छुपाकर रखी गई 726.840 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब मिली। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 2,028 बोतलों में बंद थी। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच दूसरे राज्यों से लाई जा रही शराब की इस बड़ी खेप को समय रहते जब्त कर पुलिस ने तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया है।


पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी 21 वर्षीय इकबाल हुसैन गिरफ्तार

अवैध शराब के परिवहन के मामले में मौके से ही एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 21 वर्षीय इकबाल हुसैन (पिता- अबुल कलाम), साकिन- खाड़ग्राम, थाना- हरिश्चन्द्रपुर, जिला- मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से वाहन और बरामद शराब की पूरी खेप को विधिवत जब्त कर बाराचट्टी थाने में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।


पुलिस, सैप बल और गृह रक्षक जवानों की संयुक्त टीम ने की छापेमारी

इस सफल कार्रवाई में स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ सैप बल (SAP) एवं गृह रक्षक (होमगार्ड) के जवानों ने मुख्य भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ-साथ जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट (आरोप पत्र) समर्पित किया जाएगा।


शराब के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी गया पुलिस

फिलहाल गया पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को शराब माफियाओं के नेटवर्क पर एक करारा प्रहार माना जा रहा है। अब बाराचट्टी थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप बंगाल से कहां से लोड की गई थी और बिहार में इसे किस बड़े गिरोह या ठिकाने पर पहुंचाया जाना था।


मनोज की रिपोर्ट