Mallikarjun Kharge: पटना में खरगे के बयान को लेकर सियासी घमासान, भाजपा नेता ने उठाया कानूनी कदम
Mallikarjun Kharge: मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ा। भाजपा नेता कृष्णा कुमार सिंह कल्लू ने पटना के कोतवाली थाने में शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए एक बयान पर विवाद बढ़ गया है। बिहार भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्णा कुमार सिंह कल्लू ने इस मामले में पटना के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने खरगे पर प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
25 अक्टूबर को बापू सभागार में दिया था बयान
शिकायत के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को पटना के बापू सभागार में श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम के दौरान यह बयान दिया गया था। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा पर निशाना साधा। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सभा के दौरान एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इस पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।” इस टिप्पणी के बाद सभागार में हंगामे जैसी स्थिति बनने की बात कही गई है।
शिकायत में पुलिस से क्या मांग की गई?
भाजपा नेता कृष्णा कुमार सिंह कल्लू ने अपने आवेदन में कहा है कि सार्वजनिक मंच से किसी व्यक्ति के परिवार को लेकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल गंभीर मामला है। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में बातचीत के दौरान मर्यादा और आपसी सम्मान बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित समाचारों, वीडियो और अन्य उपलब्ध सबूतों की जांच करने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि यदि जांच में कानून का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पटना से अनिल की रिपोर्ट