मनेर में गंगा नदी से मिला अज्ञात युवक का शव, मछुआरे के जाल में फंसा
, बुधवार सुबह एक मछुआरा गंगा नदी में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान उसका जाल किसी भारी चीज में फंस गया। जब उसने जाल खींचकर बाहर निकाला तो उसमें एक युवक का शव देखकर वह हैरान रह गया।
Bihar News : राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गंगा नदी में मछली पकड़ने के दौरान एक मछुआरे के जाल में करीब 18 वर्षीय अज्ञात युवक का शव फंस गया। घटना गौरैया स्थान स्थित जीवराखन टोला घाट के समीप की है। मछुआरे ने शव को नदी से बाहर निकालकर किनारे रखा। इसके बाद इलाके में यह खबर तेजी से फैल गई और घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह एक मछुआरा गंगा नदी में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान उसका जाल किसी भारी चीज में फंस गया। जब उसने जाल खींचकर बाहर निकाला तो उसमें एक युवक का शव देखकर वह हैरान रह गया। इसके बाद उसने शव को नदी से बाहर निकालकर घाट के किनारे रख दिया।
खेत की ओर जा रहे लोगों ने देखा शव
सुबह खेतों की तरफ जा रहे स्थानीय लोगों की नजर घाट किनारे पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते आसपास के गांवों में इसकी खबर फैल गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।
24 घंटे पहले मौत होने का अनुमान, पहचान नहीं
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, शव की स्थिति को देखते हुए युवक की मौत करीब 24 घंटे पहले होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। मृतक की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान कराने के साथ ही उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। गंगा नदी में युवक का शव मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
कुलदीप भरद्वाज की रिपोर्ट