बिहार में बड़ा प्रशासनिक फैसला: मंगल पांडेय सहित 6 मंत्रियों को मिले पर्सनल सेक्रेटरी , सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

नीतीश कैबिनेट के 6 प्रमुख मंत्रियों के लिए 'आप्त सचिव (सरकारी)' की नियुक्ति कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर दी है।

Patna : बिहार सरकार ने बुधवार (3 दिसंबर 2025) को एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए नीतीश कैबिनेट के 6 प्रमुख मंत्रियों के लिए 'आप्त सचिव (सरकारी)' की नियुक्ति कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर दी हैं। इन नियुक्तियों के लिए बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के अधिकारियों का चयन किया गया है, जिनमें से कई पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे।

इन मंत्रियों को मिले नए आप्त सचिव 

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निम्नलिखित अधिकारियों को मंत्रियों के आप्त सचिव (सरकारी) के रूप में तैनात किया गया है:

  1. मंगल पाण्डेय (स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री): बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अमिताभ सिंह (गृह जिला-समस्तीपुर) को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय का आप्त सचिव नियुक्त किया गया है ।
  2. विजय कुमार चौधरी (जल संसाधन मंत्री): पदस्थापन की प्रतीक्षा में चल रहे ज्ञानेन्द्र कुमार (गृह जिला-नालंदा) को जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी का आप्त सचिव बनाया गया है ।
  3. लेशी सिंह (खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री): नलिन कुमार (गृह जिला-पटना) को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह के आप्त सचिव (सरकारी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है ।
  4. सुनील कुमार (शिक्षा मंत्री): मो. इश्तेयाक अजमल (गृह जिला-जमुई) को शिक्षा मंत्री सुनील कुमार का आप्त सचिव नियुक्त किया गया है ।
  5. राम कृपाल यादव (कृषि मंत्री): अब तक मुजफ्फरपुर में पंचायती राज के उप निदेशक रहे सुरेन्द्र प्रसाद (गृह जिला-गया) को कृषि मंत्री राम कृपाल यादव का आप्त सचिव बनाया गया है ।
  6. लखेन्द्र कुमार रौशन (SC/ST कल्याण मंत्री): विनोद कुमार पंकज (गृह जिला-सहरसा) को अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन का आप्त सचिव नियुक्त किया गया है ।
  7. मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग को सौंपी गई सेवा

सरकार के उप सचिव राजीव रंजन दास द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि इन सभी अधिकारियों की सेवाएं अगले आदेश तक या मंत्रियों द्वारा सेवा वापस किए जाने तक मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग को सौंप दी गई हैं । अब मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा इनकी विधिवत नियुक्ति की अधिसूचना निर्गत की जाएगी ।