बिहार में पुलिस का महा-अभियान: 2 घंटे में 53 हजार से अधिक वाहनों की सघन जांच, 178 वांटेड गिरफ्तार
बिहार में पुलिस द्वारा महा अभियान चलाया गया। इस दौरान महज 2 घंटे में रिकॉर्ड 53 हजार से अधिक वाहनों की जांच की गई और 66,15,308 रुपये जुर्माना वसूल किए गए। वहीं 178 वांटेड अपराधियों को गिरफ्तार किया गया......
Patna : बिहार पुलिस मुख्यालय के विधि-व्यवस्था प्रभाग के निर्देशानुसार राज्यभर में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। दिनांक 3 अक्टूबर 2026 को सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक मात्र दो घंटे के भीतर राज्य के सभी जिलों एवं रेल जिलों में यह सघन जांच अभियान चला। इस महा-चेकिंग अभियान का नेतृत्व वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से लेकर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारियों ने स्वयं सड़क पर उतर कर किया।
इस अभियान के दौरान पुलिस की कार्यक्षमता जांचने के लिए विभागीय वाहनों की भी सख्त चेकिंग की गई। मुख्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 4,262 पुलिस वाहनों की जांच हुई, जिनमें 968 ईआरवी (ERV), 496 एमईआरवी (MERV), 2,154 थाना गश्ती वाहन, 502 पुलिस दीदी स्कूटी और 142 क्यूआरटी (QRT) वाहन शामिल थे। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए राज्य की सड़कों पर आवाजाही कर रहे 49,142 निजी वाहनों की भी गहन तलाशी ली।
सघन वाहन चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना वसूला है। कुल 5,178 निजी वाहनों पर जुर्माना किया गया, जिससे पुलिस को कुल 66,15,308 रुपये (छियासठ लाख पंद्रह हजार तीन सौ आठ रुपये) के राजस्व की प्राप्ति हुई। इसके अतिरिक्त, इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न कांडों में संलिप्त 31 वाहनों को जब्त किया और 178 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भी बड़ा एक्शन लेने का मौका मिला। इस दो घंटे की सघन जांच में राज्य भर से 1,741.10 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा मादक पदार्थों में 104.35 ग्राम स्मैक, 5.5 ग्राम हेरोइन, 11.246 किलोग्राम चरस, 290 लीटर प्रतिबंधित सिरप और 129 नशीले इंजेक्शन भी जब्त किए गए हैं, जो तस्करों के मंसूबों पर एक करारा प्रहार है।
मादक पदार्थों के साथ-साथ अवैध हथियारों की बरामदगी में भी इस समकालीन अभियान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस अभियान में विशेषकर नालंदा, मधुबनी एवं कैमूर जिले की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 03 अवैध आग्नेयास्त्र (हथियार) और 27 कारतूस बरामद किए हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय ने इस सफल अभियान के बाद अपनी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध राज्य पुलिस की यह कठोर कार्रवाई आगे भी सदैव जारी रहेगी।
रंजीत की रिपोर्ट