Bihar News: पटना में 4 मई को होगा विशाल धरना, पंचायत सचिवों ने किया ऐलान, 21 दिन से जारी है हड़ताल
Bihar News: बिहार के पंचायत सचिवों ने विशाल धरना का ऐलान किया है। पिछले 21 दिनों से पंचायत सचिवों का हड़ताल जारी है। वहीं अब 4 मई को विशाल धरना का आवाहन किया है।
Bihar News: बिहार में पंचायत सचिवों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार तेज होती जा रही है। बिहार राज्य पंचायत सचिव संघ के आह्वान पर चल रही यह हड़ताल मंगलवार को 21वें दिन में प्रवेश कर गई है। संघ ने 4 मई 2026 को पटना के गर्दनीबाग में विशाल धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संघ के अध्यक्ष बिरेन्द्र कुमार ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 15 मई 2025 को सरकार और संघ के बीच हुए समझौते का अब तक पूर्ण अनुपालन नहीं किया गया है। इससे नाराज होकर राज्यभर के पंचायत सचिव 8 अप्रैल 2026 से पांच सूत्री मांगों के समर्थन में हड़ताल पर हैं।
क्या हैं पंचायत सचिवों की मुख्य मांगें?
संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी। इनमें 2005 पंचायत सचिवों के लिए एकमुश्त जिला स्थानांतरण आदेश जारी करना, शैक्षणिक योग्यता स्नातक तय करते हुए ₹4200 ग्रेड पे लागू करना, पदनाम बदलकर “ग्राम पंचायत राज पदाधिकारी” करना, न्यूनतम ₹2000 परिवहन भत्ता स्वीकृत करना और बीपीआरओ पद पर पदोन्नति के लिए 55 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा समाप्त करना हैं।
सरकार पर उपेक्षा का आरोप
संघ का आरोप है कि पंचायती राज विभाग की उपेक्षा और लगातार हो रही प्रताड़ना के कारण सचिवों को यह कदम उठाना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि 4 मई को होने वाले धरना-प्रदर्शन के दौरान यदि कोई प्रशासनिक या जनसमस्या उत्पन्न होती है तो इसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
सरकार से जल्द समाधान की मांग
संघ ने राज्य सरकार से अपील की है कि वह संवेदनशीलता दिखाते हुए पूर्व समझौते को तुरंत लागू करे, ताकि पंचायत सचिव अपने काम पर लौट सकें और ग्रामीण प्रशासनिक व्यवस्था सामान्य हो सके।