Bihar News: पटना में भीषण चोरी, डेढ़ करोड़ के जेवर और 8 लाख कैश ले उड़े चोर, छत पर सो रहा था प्रॉपर्टी डीलर का परिवार
Bihar News: राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बेखौफ चोरों ने प्रॉपर्टी डीलर के घर से डेढ़ करोड़ के जेवर और 8 लाख कैश की चोरी की है। घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर ही मौजूद थे।
Bihar News: राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जानकारी अनुसार चोरों ने अब तक की सबसे बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। मामला फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के मित्र मंडल कॉलोनी स्थित वृंदावन लेन का है। जहां शातिर चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपये के हीरे- सोने के आभूषण और 8 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।
खानदानी गहने लेकर उड़े चोर
जानकारी के अनुसार, देर रात परिवार के सदस्य घर के ऊपरी मंजिल पर सोने चले गए थे। इसी दौरान मंगलवार तड़के करीब 3 बजे चोरों ने नीचे के हिस्से की खिड़की का ग्रिल उखाड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने बिना शोर किए कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी और बहन के खानदानी हीरे- सोने के गहनों के साथ नकदी लेकर फरार हो गए।
सामान बिखरा देख उड़े होश
सुबह जब परिवार के लोग जागे और नीचे पहुंचे तो कमरे का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर सुजीत कुमार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। इस बड़ी वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
छत पर सो रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि यह घटना इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि परिवार के घर में मौजूद रहते हुए चोरों ने इतनी बड़ी चोरी को अंजाम दिया। गर्मी के कारण घर से सभी सदस्य छत पर सो रहे थे और मौके का फायदा उठाकर चोरों ने भीषण घटना को अंजाम दे दिया। घर से खानदानी जेवरात और नकदी गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया है। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट