Bihar Accident: समधी मिलन से पहले काल का तांडव,सड़क हादसे ने छीनी पिता की सांसें, शादी का घर में मातम का साया

Bihar Accident: एक ओर शादी की शहनाइयों और ढोल-नगाड़ों की गूंज थी, वहीं दूसरी ओर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को खून के आंसुओं में बदल दिया।

Tragedy before wedding rituals road accident claims father l
समधी मिलन से पहले काल का तांडव- फोटो : reporter

Bihar Accident:  नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत चरुईपर गांव में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जहां एक ओर शादी की शहनाइयों और ढोल-नगाड़ों की गूंज थी, वहीं दूसरी ओर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को खून के आंसुओं में बदल दिया। मृतक की पहचान स्वर्गीय सकलदीप पासवान के 45 वर्षीय पुत्र आरजू पासवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि घर में उनकी छोटी बेटी की शादी चल रही थी और बारात धूमधाम से दरवाजे पर पहुंच चुकी थी। घर में पारंपरिक रस्म समधी मिलन की तैयारियां जोरों पर थीं और माहौल पूरी तरह जश्न में डूबा हुआ था।

इसी बीच आरजू पासवान समधी से मिलने के लिए घर से बाहर निकले। जैसे ही वे बिहटा-सरमेरा फोरलेन सड़क पार करने लगे, तभी तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर ने शादी वाले घर में जैसे कयामत ढा दी। जहां कुछ ही पल पहले तक बैंड-बाजे और खुशियों का माहौल था, वहीं अचानक मातम, रोना-धोना और बदहवासी छा गई। परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे, और पूरा परिवार गहरे सदमे में चला गया। इसके बावजूद, भारी मन और टूटे दिलों के साथ किसी तरह शादी की रस्में पूरी कराई गईं, लेकिन हर चेहरे पर दर्द साफ झलक रहा था।घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने घटनास्थल से स्कॉर्पियो का टूटा हुआ नंबर प्लेट भी बरामद किया है, जिसके आधार पर वाहन और चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है। फिलहाल आरोपी चालक फरार बताया जा रहा है। यह दर्दनाक हादसा न सिर्फ एक परिवार की खुशियों को निगल गया, बल्कि सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर गया है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय