पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी संघ के साथ महापौर की बैठक: अनिश्चितकालीन हड़ताल और तीन सूत्री मांगों पर बनी सहमति

पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी संघ के साथ महापौर की बैठक- फोटो : वंदना

Patna : पटना नगर निगम मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को महापौर सीता साहू की अध्यक्षता एवं नगर आयुक्त यशपाल मीणा की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह और संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ संघ द्वारा आहूत अनिश्चितकालीन हड़ताल और उनकी तीन सूत्री मांगों पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी।


कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशीलता 

बैठक के दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी तीनों मांगों को विस्तार से महापौर के सामने रखा, जिस पर बिंदुवार चर्चा हुई। महापौर सीता साहू ने कहा कि पटना नगर निगम कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और उनकी मांगों के समाधान का पक्षधर है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन मांगों पर अंतिम निर्णय लेना नगर निगम के वैधानिक अधिकार क्षेत्र से बाहर है।


निगम परिषद से प्रस्ताव पारित कराकर शासन को भेजने का अनुरोध 

निगम की इस सकारात्मक मंशा पर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से अनुरोध किया कि वे इन तीनों मांगों से संबंधित प्रस्ताव को 'सशक्त स्थायी समिति' एवं 'निगम परिषद' से पारित कराकर अपनी अनुशंसा के साथ राज्य के नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजें, ताकि सरकार स्तर पर इस पर शीघ्र निर्णय लिया जा सके।


बुधवार को बुलाई गई सशक्त स्थायी समिति की विशेष बैठक 

प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए महापौर ने कहा, "पटना नगर निगम सभी सफाई कर्मियों के हितों की रक्षा एवं उनके कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। संघ की तीनों मांगों पर विचार और अनुशंसा के लिए बुधवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक बुलाई गई है, ताकि इस दिशा में आगे की आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जा सके।" संघ के प्रतिनिधियों ने महापौर का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे इस सकारात्मक बातचीत से अपने सदस्यों और सफाई कर्मियों को अवगत कराएंगे।


बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों व पार्षदों की मौजूदगी 

इस महत्वपूर्ण बैठक में सशक्त स्थायी समिति की सदस्य अनिता देवी, सुनीता देवी, कुमार संजीत, मनोज कुमार तथा अपर नगर आयुक्त कृष्ण स्वरूप भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। गौरतलब है कि अपनी मांगों के समर्थन में पटना समेत राज्य भर के विभिन्न नगर निकायों के दैनिक सफाई कर्मी फिलहाल अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।


वंदना की रिपोर्ट