Bihar News : गया में अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद दंपत्ति को मिली जान से मारने की धमकी, युवती ने पुलिस से मांगी सुरक्षा

Bihar News : बिहार के गया जिले मे एक दलित युवक से युवती को प्रेम विवाह करना मंहगा पड़ा है. युवती घर वालों ने युवक पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है और जान से मारने की धमकी दी है.....पढ़िए आगे

Bihar News : गया में अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद दंपत्ति को
प्रेम विवाह के बाद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले में अंतरजातीय प्रेम विवाह करने वाले एक नवविवाहित जोड़े के लिए परिजनों का विरोध भारी पड़ गया है। जहानाबाद जिले की रहने वाली एक युवती ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर आरोप लगाया है कि दलित समाज के युवक से शादी करने के कारण उसके पति और ससुराल वालों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। इसके साथ ही पुलिस में अपहरण का झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है। अपनी और अपने पति की जान पर खतरा बताते हुए पीड़ित युवती ने गया और जहानाबाद पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जहानाबाद जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सावन बिगहा निवासी काजल कुमारी को उसी गांव के रहने वाले रणधीर कुमार से प्यार हो गया था। दोनों की मुलाकात वर्ष 2024 में ईकील हाई स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। युवती का आरोप है कि लड़का दलित समाज से ताल्लुक रखता है, जिसके चलते उसके परिजनों ने इस रिश्ते का सख्त विरोध किया। परिजनों के इनकार के बावजूद दोनों ने 7 जुलाई को घर छोड़कर अपनी मर्जी से प्रेम विवाह कर लिया।

विवाह की सूचना मिलने पर युवती के परिजनों ने शकूराबाद थाने में पति रणधीर कुमार और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करवा दिया। युवती काजल कुमारी ने स्पष्ट किया है कि वह पूर्णतः बालिग है और उसने बिना किसी दबाव के, अपनी स्वतंत्र इच्छा से शादी की है। उसने कहा कि उसके परिजन लगातार जान से मारने और पूरे परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे वह और उसका पति अत्यधिक डरे-सहमे हुए हैं।

वर्तमान में यह जोड़ा अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर शरण लेने को मजबूर है। फिलहाल दोनों गया शहर के कटारी हिल मोहल्ले में एक किराये के मकान में रह रहे हैं, जहाँ रणधीर कुमार रहकर पढ़ाई करता है। पीड़ित युवती ने एक वीडियो बयान जारी कर अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों को सुरक्षा प्रदान करने तथा झूठे केस में निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है। इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। युवती के बयानों को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवती के बालिग होने और उसके द्वारा दिए गए बयान के आधार पर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी तथा दंपत्ति की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मनोज की रिपोर्ट