Bihar News : राहुल गांधी के 'वोट चोरी' के आरोप पर मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने किया पलटवार, कहा- 'नारेबाजी छोड़ देश के सामने रखें 727 मामलों के सबूत '

Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने दिल्ली के बेला एस्टेट में 727 मतदाताओं के नाम को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर करारा प्रहार किया है।

राहुल गाँधी पर पलटवार - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री, बिहार सरकार डॉ. संतोष कुमार सुमन ने दिल्ली के बेला एस्टेट में 727 मतदाताओं के नाम को लेकर राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोप पर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के अनुसार संबंधित पते के मकान 2022-23 में ही ध्वस्त हो चुके थे और सत्यापन में वहां आवासीय स्थिति नहीं मिली, जिसके आधार पर नामों को ASDD सूची में रखा गया। 

उन्होंने कहा की मकान का ध्वस्त होना और मताधिकार समाप्त होना एक बात नहीं है। पात्र मतदाता वर्तमान निवास के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया से अपना नाम जुड़वा सकता है। डॉ. सुमन ने कहा कि आयोग की प्रक्रिया में BLO पहले पंजीकृत पते का सत्यापन करता है। मकान ध्वस्त होने या मतदाता के वहां निवास नहीं करने की स्थिति में नाम ASDD सूची में चिन्हित किया जाता है। इसके बाद दावा-आपत्ति का अवसर दिया जाता है और पात्र व्यक्ति Form-6 से नाम जुड़वाने तथा स्थान परिवर्तन की स्थिति में Form-8 के जरिए संशोधन का आवेदन कर सकता है। 

डॉ संतोष सुमन ने कहा की ऐसे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी बताएं कि 727 मतदाताओं में किसका नाम नियम के विरुद्ध हटाया गया और इसका प्रमाण क्या है। प्रक्रिया पर सवाल उठाना अधिकार है, लेकिन उसे ‘वोट चोरी’ कहना प्रमाण मांगता है।

डॉ. सुमन ने कहा कि मतदाता सूची पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन चुनावी व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाने वालों की जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है। राहुल गांधी जी को अब नारे और आरोपों से आगे बढ़कर 727 मामलों से जुड़े दस्तावेज देश के सामने रखने चाहिए। लोकतंत्र में आरोप लगाने से नहीं, आरोप को प्रमाणित करने से जवाबदेही तय होती है।